{"vars":{"id": "125128:4947"}}

LPU Phagwara में छात्रा से रेप की अफवाह पर भारी बवाल: उग्र छात्रों ने नेशनल हाईवे किया जाम

सोशल मीडिया की अफवाह के बाद जलंधर-फगवाड़ा हाईवे पर आधी रात को हंगामा; एसएसपी ने कहा— स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में, चितकारा यूनिवर्सिटी के बाद पंजाब में दूसरी बड़ी घटना।

 

फगवाड़ा/पंजाब (भदैनी मिरर): पंजाब के फगवाड़ा (कपूरथला) स्थित प्रसिद्ध लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (LPU) कैंपस में रविवार तड़के उस समय भारी अफरा-तफरी और हिंसक प्रदर्शन देखने को मिला, जब सोशल मीडिया पर एक छात्रा के साथ कथित दुष्कर्म (Rape) की खबर तेजी से फैल गई।

अफवाह की खबर मिलते ही हजारों की संख्या में छात्र सड़कों पर उतर आए। उग्र छात्रों ने यूनिवर्सिटी की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया, खिड़कियों के शीशे तोड़े, गमले फोड़े और कुछ सामानों में आग लगा दी। यही नहीं, गुस्साए छात्रों ने जलंधर-फगवाड़ा नेशनल हाईवे को पूरी तरह से जाम कर दिया।

पुलिस का बयान: "अफवाह के कारण भड़के छात्र, रेप की कोई पुष्टि नहीं"

घटना की जानकारी मिलते ही आधी रात करीब 1:45 बजे कपूरथला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) गौरव तूरा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

एसएसपी गौरव तूरा ने स्पष्ट करते हुए कहा:

"जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तो जांच में सामने आया कि यह पूरी तरह से सोशल मीडिया पर फैली एक अफवाह थी। ऐसी किसी भी आपराधिक घटना या दुष्कर्म की कोई सूचना पुलिस के पास नहीं है। केवल अफवाहों के आधार पर छात्र इकट्ठा हो गए और हंगामा करने लगे।"

यूनिवर्सिटी प्रशासन के खिलाफ छात्रों का फूटा गुस्सा

एसएसपी ने बताया कि मौके पर पहुंचकर पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों से बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने एलपीयू (LPU) प्रशासन के खिलाफ अपनी लंबे समय से लंबित शिकायतें रखीं और आरोप लगाया कि प्रबंधन उनकी समस्याओं की सही ढंग से सुनवाई नहीं कर रहा है।

पुलिस अधिकारियों ने छात्रों को भरोसा दिलाया है कि उनकी जायज मांगों और शिकायतों का समाधान कराया जाएगा। यूनिवर्सिटी संपत्ति को पहुंचे नुकसान का आकलन किया जा रहा है और उपद्रव करने वालों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल कैंपस में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

एक दिन पहले चितकारा यूनिवर्सिटी में भी हुआ था ऐसा ही बवाल

गौर करने वाली बात यह है कि एलपीयू की इस घटना से ठीक एक दिन पहले पंजाब के पटियाला स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी (Chitkara University) में भी ऐसा ही वाकया देखने को मिला था। वहां भी सोशल मीडिया पर दो छात्राओं द्वारा आत्महत्या किए जाने की फर्जी और अनवेरिफाइड खबर के बाद छात्रों ने हिंसक प्रदर्शन किया था और पुलिस की गाड़ी को क्षतिग्रस्त कर दिया था।