{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पंजाब में भीषण सड़क हादसा: अस्थियां विसर्जित करने जा रहे परिवार की पिकअप और ट्राले में जोरदार भिड़ंत, 8 की मौत

फिरोजपुर हाईवे पर सुबह 5:30 बजे हुआ हादसा; मृतकों में 5 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल, 9 गंभीर घायलों को फरीदकोट रेफर किया गया

 

फाजिल्का/फिरोजपुर: पंजाब के फाजिल्का में शनिवार तड़के एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। फिरोजपुर हाईवे पर सुबह करीब 5:30 बजे एक पिकअप गाड़ी और ट्राले के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 महिलाओं और एक 10 साल के मासूम बच्चे समेत कुल 8 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, 9 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी फिरोजपुर भूपिंदर सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया।

अस्थियां विसर्जित करने जा रहा था परिवार

मिली जानकारी के अनुसार, जलालाबाद के गांव मल्कज़ादे का एक परिवार अपने दिवंगत परिजन की अस्थियां विसर्जित करने के लिए पिकअप गाड़ी से डेरा ब्यास जा रहा था। गाड़ी में परिवार और रिश्तेदारों को मिलाकर करीब 25 से 30 लोग सवार थे। जैसे ही उनकी पिकअप गांव हुसैनशाह के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्राले ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

कटर से काटकर निकाले गए शव, पिचक गई थी गाड़ी

टक्कर इतनी भयानक थी कि पिकअप गाड़ी पूरी तरह पिचक गई और पलटकर सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचित किया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, गाड़ी के भीतर लोग इस कदर फंस गए थे कि पुलिस को शवों और घायलों को बाहर निकालने के लिए कटर से गाड़ी के हिस्सों को काटना पड़ा। घायलों में से तीन की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।

रॉन्ग साइड और ओवरलोडिंग ने ली 8 जानें

शुरुआती जांच और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर हादसे की दो बड़ी वजहें सामने आ रही हैं। पहली, पिकअप गाड़ी में क्षमता से अधिक लोगों को बैठाया गया था। गाड़ी के भीतर अस्थायी केबिन और पीछे लकड़ी के फट्टे लगाकर उसे जबरन बढ़ाया गया था। दूसरी और सबसे मुख्य वजह यह रही कि सामने से आ रहा ट्राला रॉन्ग साइड (गलत दिशा) से आ रहा था। आशंका जताई जा रही है कि ट्राला चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके कारण उसने पिकअप को सामने से टक्कर मार दी।

हादसे के बाद आरोपी ट्राला चालक मौके से फरार हो गया है। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए फिरोजपुर भेज दिया है और फरार चालक की तलाश के साथ-साथ मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।