{"vars":{"id": "125128:4947"}}

जय छठी मईया..इस प्रचंड जीत ने गर्दा मचा दिया है, PM बोले- जमानत पर चल रहे लोगों का जनता साथ नहीं देगी 

भाजपा मुख्यालय में संबोधन के दौरान पीएम ने लगाया ‘जय छठी मैया’ का जयकारा, कहा—बिहार ने जंगलराज और तुष्टिकरण की राजनीति को सिरे से नकारा

 

नई दिल्ली/पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पहुंचे। मंच पर आते ही उन्होंने ‘जय छठी मैया’ का नारा लगाकर अपने संबोधन की शुरुआत की। पीएम ने इस जीत को बिहार की जनता का सुशासन, विकास और स्थिरता के प्रति विश्वास बताया।

उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने तुष्टिकरण की राजनीति को खारिज कर दिया है और ‘महिला-यूथ (MY)’ के नए सकारात्मक समीकरण को स्वीकार किया है। पीएम ने नीतीश कुमार, चिराग पासवान, उपेंद्र कुशवाहा और जीतन राम मांझी सहित एनडीए के सभी साझेदारों को जीत का श्रेय दिया।

बिहार में ‘कट्टा राज’ अब कभी नहीं लौटेगा: पीएम मोदी

अपने संबोधन में पीएम ने कहा-“बिहार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जंगलराज और कट्टा सरकार अब कभी नहीं लौटेगी। यह विजय विकास, सुशासन और स्थिर सरकार के लिए दिया गया जनादेश है।”
पीएम मोदी ने कहा कि बिहार की जनता ने 2010 के बाद का सबसे बड़ा जनादेश देकर रिकॉर्ड मतों से एनडीए को सत्ता में वापस लाया है।


 ‘तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की राजनीति’

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार में अब राजनीति की दिशा बदल रही है। “अब तुष्टिकरण की जगह संतुष्टिकरण ने ली है। बिहार तेजी से विकास की स्वर्णिम 25 वर्षों की यात्रा में प्रवेश कर रहा है।”*
उन्होंने कहा कि यह परिणाम उन लोगों के लिए भी जवाब है जो बिहार को एक्सप्रेस-वे, इंडस्ट्री और इंफ्रास्ट्रक्चर की जरूरत नहीं मानते थे।

कांग्रेस पर करारा हमला

पीएम मोदी ने कांग्रेस को ‘मुस्लिम लीग-माओवादी कांग्रेस (MMC)’ करार देते हुए कहा कि कांग्रेस की नकारात्मक राजनीति देश को पीछे खींच रही है।
उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के भीतर एक और बड़े विभाजन की स्थिति बन सकती है।


छठ पूजा का सम्मान और बिहार का गौरव

पीएम मोदी ने कहा कि उनकी सरकार छठ महापर्व को यूनेस्को हेरिटेज लिस्ट में शामिल कराने की कोशिश कर रही है। उन्होंने RJD और कांग्रेस को छठ पूजा पर दिए बयान को लेकर भी घेरा और कहा कि बिहार की जनता इसे कभी नहीं भूलेगी।

 बिहार ने दिया देश को संदेश

पीएम मोदी ने कहा-“बिहार की धरती लोकतंत्र की जननी है और आज इसी धरती ने लोकतंत्र पर चोट करने वाली ताकतों को धूल चटा दी है।”
उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं, महिलाओं और गरीब परिवारों ने ‘विकासवाद’ को वोट दिया है।

बंगाल तक पहुंचेगी बिहार की जीत की लहर

पीएम ने कहा कि बिहार ने बंगाल में भाजपा की जीत का रास्ता तैयार कर दिया है। “जब भाजपा का कार्यकर्ता ठान लेता है, तो कोई भी लक्ष्य कठिन नहीं होता।”


भाजपा मुख्यालय में जश्न

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता कार्यक्रम में मौजूद रहे। एनडीए की इस अभूतपूर्व जीत का जश्न मनाने के लिए सैकड़ों कार्यकर्ता भी मुख्यालय पहुंचे।