{"vars":{"id": "125128:4947"}}

शादी की खुशियों के बीच मातम: गर्लफ्रेंड, पावर दवा और होटल में हुई मौत का मामला

बस स्टैंड के पास होटल में अचानक सीने में दर्द के बाद बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित; पोस्टमॉर्टम में हार्ट अटैक की पुष्टि
 

 

गुरुग्राम। दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम शहर में बस स्टैंड के पास स्थित एक होटल में 56 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतक अपनी एक महिला मित्र के साथ होटल में ठहरा हुआ था। कमरे से शक्तिवर्धक दवाओं के खाली रैपर मिलने के बाद शुरुआत में ओवरडोज की आशंका जताई गई, हालांकि पोस्टमॉर्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया गया है।

पुलिस के अनुसार, मृतक हरियाणा के सोहना क्षेत्र के पास एक गांव का निवासी था और एक लॉजिस्टिक्स कंपनी में ड्राइवर के रूप में कार्यरत था। बुधवार को वह अपनी स्कूल समय की एक महिला मित्र के साथ गुरुग्राम बस स्टैंड के नजदीक एक होटल में रुका था।

महिला मित्र के बयान के मुताबिक, होटल के कमरे में अचानक व्यक्ति के सीने में तेज दर्द उठा। स्थिति बिगड़ती देख महिला ने तुरंत एंबुलेंस बुलाई और पुलिस को सूचना दी। उसे नजदीकी निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की तलाशी ली। इस दौरान वहां से कुछ शक्तिवर्धक दवाओं के खाली रैपर बरामद हुए। पुलिस को आशंका है कि बिना चिकित्सकीय सलाह के दवाओं के सेवन से हृदय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा हो सकता है। हालांकि, सटीक कारण की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर ही की गई, जिसमें हार्ट अटैक को मौत की वजह बताया गया है।

गुरुवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।


12 मार्च को थी बेटे की शादी

मृतक के परिवार में शोक की लहर है। बताया जा रहा है कि 12 मार्च को उनके बेटे की शादी तय थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना शुरू हो चुका था। ऐसे में पिता की अचानक मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।

फिलहाल पुलिस मामले की औपचारिक जांच कर रही है और होटल स्टाफ व संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है।