{"vars":{"id": "125128:4947"}}

मोबाइल यूजर्स के लिए खुशखबरी: अब मिलेंगे पूरे 30 दिनों की वैलिडिटी वाले प्लान

केंद्र सरकार और TRAI का बड़ा फैसला: 'टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण रेगुलेशन' लागू; साल में 13 की जगह कराने होंगे 12 रिचार्ज, सांसद राघव चड्ढा ने जताया आभार।

 

टेक डेस्क (भदैनी मिरर): देश के करोड़ों प्रीपेड मोबाइल उपभोक्ताओं के लिए राहत भरी खबर आई है। अब हर 28 दिन में मोबाइल रिचार्ज कराने के झंझट और साल में 13वें महीने का अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाने से आम जनता को मुक्ति मिल गई है।

केंद्र सरकार और भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) ने नियम में बड़ा बदलाव करते हुए 'टेलीकॉम उपभोक्ता संरक्षण (13वां संशोधन) रेगुलेशन, 2026' लागू कर दिया है। इस नए आदेश के तहत अब सभी टेलीकॉम कंपनियों (Jio, Airtel, Vi और BSNL) को पूरे 30 दिनों की वैलिडिटी वाले रिचार्ज प्लान पेश करने होंगे।

साल में 13 के बजाय अब केवल 12 बार कराना होगा रिचार्ज

सांसद राघव चड्ढा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट साझा कर इस फैसले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 28 दिन के रीचार्ज साइकिल की वजह से टेलीकॉम कंपनियां ग्राहकों से साल में 13 बार रिचार्ज करवा लेती थीं, जिससे एक महीने का अतिरिक्त खर्च जनता पर पड़ता था। अब 30 दिनों का वैलिडिटी साइकिल लागू होने से ग्राहकों को साल में सिर्फ 12 बार ही रिचार्ज कराना पड़ेगा।

बता दें कि राघव चड्ढा ने 11 मार्च को संसद में इस '28 दिनों वाले गणित' के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने इस जनहितकारी फैसले के लिए केंद्र सरकार और ट्राई (TRAI) का आभार व्यक्त किया।

केवल कॉलिंग और SMS का इस्तेमाल करने वालों के लिए आएंगे सस्ते प्लान

नए नियमों में उन उपभोक्ताओं का भी विशेष ध्यान रखा गया है जो केवल बेसिक कॉलिंग और SMS का इस्तेमाल करते हैं और जिन्हें महंगे इंटरनेट डेटा की आवश्यकता नहीं होती।

  • केवल वॉइस-SMS पैक: टेलीकॉम कंपनियों को अब ऐसे प्लान भी बाजार में उतारने होंगे जिनमें इंटरनेट डेटा का शुल्क शामिल नहीं होगा।

  • सस्ते विकल्प: इससे वरिष्ठ नागरिकों और फीचर फोन का इस्तेमाल करने वाले करोड़ों उपयोगकर्ताओं के पैसे बचेंगे।

ट्राई द्वारा इस नए रेगुलेशन को लागू करने से पहले उपभोक्ताओं और टेलीकॉम कंपनियों सहित सभी पक्षों के साथ परामर्श प्रक्रिया पूरी की गई थी। नए नियमों के आने से उपभोक्ताओं के पास रिचार्ज के कई किफायती विकल्प उपलब्ध होंगे।