Exit Poll 2026: बंगाल और असम में खिलेगा 'कमल', तमिलनाडु में स्टालिन की वापसी; केरल में 10 साल बाद कांग्रेस गठबंधन का 'कमबैक'
ममता के 'गढ़' में सेंध लगाती दिख रही बीजेपी,केरल में सत्ता परिवर्तन की रीत जारी
नई दिल्ली/वाराणसी (भदैनी मिरर):
देश के पांच राज्यों—पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, केरल, असम और पुडुचेरी में विधानसभा चुनावों के लिए मतदान संपन्न होने के साथ ही बुधवार शाम एग्जिट पोल के आंकड़े सामने आ गए हैं। इन आंकड़ों ने कहीं सत्ता विरोधी लहर तो कहीं मौजूदा सरकारों के प्रति विश्वास को दर्शाया है। 4 मई को होने वाली मतगणना से पहले इन आंकड़ों ने राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है।
पश्चिम बंगाल: कांटे की टक्कर में बीजेपी को बढ़त
सबसे दिलचस्प मुकाबला पश्चिम बंगाल में देखने को मिल रहा है। 'चाणक्य स्ट्रैटेजीज' के एग्जिट पोल के अनुसार, बीजेपी को 150-160 सीटें मिल सकती हैं, जबकि ममता बनर्जी की टीएमसी 130-140 सीटों पर सिमटती दिख रही है। 'मैट्रिज' ने भी बीजेपी को 146-161 सीटें देकर बहुमत का अनुमान जताया है।
तमिलनाडु: स्टालिन की सत्ता में शानदार वापसी
तमिलनाडु में एक बार फिर एमके स्टालिन के नेतृत्व वाले डीएमके (DMK) गठबंधन का दबदबा दिख रहा है। 'पीपल्स पल्स' के अनुसार, डीएमके गठबंधन को 125-145 सीटें मिल सकती हैं, जबकि अन्नाद्रमुक (AIADMK) को 65-80 सीटें मिलने का अनुमान है। अभिनेता विजय की पार्टी टीवीके (TVK) का डेब्यू फीका दिख रहा है, जिसे महज 2 से 6 सीटें मिलने की उम्मीद है।
केरल: 10 साल बाद कांग्रेस-यूडीएफ की वापसी!
केरल में हर पांच साल पर सत्ता बदलने का रिवाज फिर से लौटता दिख रहा है। 'एक्सिस माई इंडिया' ने कांग्रेस समर्थित यूडीएफ (UDF) को 78-90 सीटें दी हैं, जो बहुमत के आंकड़े (71) से काफी ज्यादा है। वहीं सत्ताधारी एलडीएफ को 49-62 सीटों के साथ बड़ा झटका लग सकता है।
असम: हिमंता का 'हैट्रिक' वाला जादू
असम में बीजेपी नीत एनडीए अपनी सत्ता बचाने में कामयाब होता दिख रहा है। 'एक्सिस माई इंडिया' ने बीजेपी गठबंधन को 88-100 सीटें दी हैं, जबकि कांग्रेस को केवल 24-36 सीटें मिलने का अनुमान है। 'जेवीसी' ने भी बीजेपी को 88-101 सीटों के साथ स्पष्ट बहुमत दिया है।
वोटिंग का रिकॉर्ड और मतगणना
इस बार मतदान प्रतिशत ने पिछले कई रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं:
पुडुचेरी: 91.23%
असम: 85.91%
तमिलनाडु: 85.1%
केरल: 78.27%