तुम्हारे लिए उसे मार डाला: पत्नी की हत्या के बाद आधा दर्जन महिलाओं से शादी के प्रस्ताव भेजता रहा डॉक्टर महेंद्र रेड्डी
डॉ. कृतिका रेड्डी की हत्या के आरोपी महेंद्र रेड्डी ने महिलाओं को भेजे चौंकाने वाले मैसेज — “मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार डाला”
बेंगलुरु। अपनी पत्नी डॉ. कृतिका एम रेड्डी की हत्या करने के आरोप में गिरफ्तार डॉ. महेंद्र रेड्डी जीएस के खिलाफ जांच में नया और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पत्नी की हत्या के बाद महेंद्र रेड्डी ने कई महिलाओं से संपर्क कर शादी के प्रस्ताव रखे और उनमें से एक को यह कहकर चौंका दिया- “मैंने तुम्हारे लिए अपनी पत्नी को मार डाला।”
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रेड्डी ने यह संदेश एक महिला को PhonePe ऐप के माध्यम से भेजा था, जब उसने उसे अन्य प्लेटफॉर्म्स पर ब्लॉक कर दिया था।
हत्या के बाद शुरू किया महिलाओं से संपर्क
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, डॉक्टर महेंद्र रेड्डी ने पत्नी की मौत के कुछ महीनों बाद कम से कम 4 से 5 महिलाओं से संपर्क साधा, जिनमें एक मेडिकल प्रोफेशनल भी शामिल थी। वह सभी से विवाह का प्रस्ताव रख रहा था।
डीसीपी वाइटफील्ड परशुराम ने बताया कि महिला ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि उसने शादी से पहले ही रेड्डी से दूरी बना ली थी और बाद में उसे ब्लॉक कर दिया था। रेड्डी ने उसे अपनी पत्नी की हत्या की बात कबूलते हुए मैसेज भेजा था।
हालांकि, महिला को लगा कि वह सिर्फ ध्यान आकर्षित करने के लिए ऐसा कह रहा है। पुलिस ने पुष्टि की है कि उस महिला का अपराध से कोई संबंध नहीं है।
कृतिका की फॉरेंसिक रिपोर्ट में बेहोशी की दवा की पुष्टि
फॉरेंसिक रिपोर्ट में पाया गया कि कृतिका रेड्डी के शरीर में बेहोशी की दवा के तत्व मौजूद थे। पुलिस का मानना है कि महेंद्र रेड्डी ने 24 अप्रैल को पत्नी को एनेस्थीसिया देकर हत्या की, ताकि वह बेहोश हो जाए।
इसके बाद उसने 14 अक्टूबर को उडुपी जिले में गिरफ्तारी से पहले अपने मोबाइल और लैपटॉप में महिलाओं से बातचीत के सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
मुंबई की महिला से भी शादी का प्रस्ताव
पुलिस जांच में सामने आया है कि रेड्डी मुंबई की एक महिला के भी संपर्क में था। उसने 2023 में उससे शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन महिला ने बात बंद कर दी थी। रेड्डी ने महिला के पिता को फोन कर कहा था कि वह मर चुका है।
सितंबर 2025 में उसने महिला से दोबारा संपर्क किया और कहा कि “मैं जीवित हूं, मेरी पत्नी मर चुकी है, अब तुमसे शादी करना चाहता हूं।” उसने यह भी जोड़ा कि उसकी ज्योतिषीय कुंडली में पत्नी की मृत्यु लिखी थी।
ससुर की शिकायत पर दर्ज हुआ केस
यह मामला तब उजागर हुआ जब कृतिका के पिता मुनि रेड्डी ने अपने दामाद महेंद्र रेड्डी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि शादी के बाद से महेंद्र उनकी बेटी को पैसे और संपत्ति को लेकर प्रताड़ित कर रहा था।
शिकायत के अनुसार, 21 अप्रैल 2025 को महेंद्र ने कृतिका को पेट दर्द के बहाने नसों में बेहोशी की दवा इंजेक्ट की। अगली सुबह वह बेहोश मिली और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
शादी के बाद बढ़ा लालच और उत्पीड़न
मुनि रेड्डी ने बताया कि शादी के कुछ महीनों बाद से ही दामाद ने उनके परिवार पर बड़ा अस्पताल बनाने के लिए आर्थिक मदद का दबाव डालना शुरू कर दिया था। जब परिवार ने मना किया, तो महेंद्र का व्यवहार हिंसक और आक्रामक होता गया।
पुलिस ने बताया कि कृतिका की हत्या की रात वह घर पर अकेली थी और महेंद्र ने सबूत मिटाने की कोशिश की थी।
बता दें, महेंद्र रेड्डी फिलहाल पुलिस हिरासत में है। उसका मोबाइल और लैपटॉप फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि उसके सोशल मीडिया और मैसेजिंग ऐप्स से कई महिलाओं के साथ बातचीत के प्रमाण मिले हैं।
डीसीपी परशुराम ने कहा -“रेड्डी के सभी डिजिटल सबूतों का विश्लेषण किया जा रहा है। उसने कई प्लेटफॉर्म पर महिलाओं से संपर्क किया और अपराध के बाद शादी के प्रस्ताव भेजे। यह केस जल्द ही चार्जशीट के चरण में पहुंचेगा।”