'पाकिस्तान से फंडिंग' के आरोप पर भड़के सीजेपी नेता आशुतोष रांका, केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह को भेजा 3 करोड़ की मानहानि का नोटिस
आशुतोष रांका ने आरोपों को बताया निराधार, कहा- बिना शर्त सार्वजनिक माफी मांगें या सबूत पेश करें; हर्जाने की राशि प्राथमिक शिक्षा के लिए दान करने का प्रस्ताव
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के सह-संयोजक आशुतोष रांका ने केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह को मानहानि का कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस केंद्रीय मंत्री के उस बयान के विरोध में भेजा गया है, जिसमें उन्होंने रांका पर पाकिस्तानी राजनेताओं और एक कथित हैंडलर से फंडिंग प्राप्त करने का आरोप लगाया था। रांका ने स्पष्ट किया है कि वे अपनी ईमानदारी और देशभक्ति पर उठाए गए किसी भी सवाल को बर्दाश्त नहीं करेंगे।
सोशल मीडिया पर दी कानूनी कार्रवाई की जानकारी
आशुतोष रांका ने शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (X) पर एक पोस्ट के माध्यम से इस कानूनी कार्रवाई की जानकारी साझा की। उन्होंने लिखा कि डॉ. जितेंद्र सिंह द्वारा उन पर 'पाकिस्तान से फंड मिलने' की अपमानजनक टिप्पणी किए जाने के खिलाफ उन्होंने कानूनी नोटिस भेजा है।
अपने शैक्षणिक और व्यावसायिक रिकॉर्ड का बचाव करते हुए रांका ने कहा कि उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर आईआईटी कानपुर (IIT Kanpur) और लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (LSE) में दाखिला पाया था। उन्होंने मैकिन्से (McKinsey) और गावी (GAVI) जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ अपने काम का हवाला देते हुए कहा कि उनका हर कार्य पूरी तरह दस्तावेजों में दर्ज है और भारतीय कर व लेखा कानूनों के अनुरूप है। उन्होंने कहा कि वे लंदन का जीवन और आकर्षक करियर छोड़कर भारत लौटे हैं और पिछले दो वर्षों से जनहित के मुद्दे उठा रहे हैं।
बिना शर्त माफी और 3 करोड़ रुपये हर्जाने की मांग
सीजेपी की ओर से जारी बयान के अनुसार, पार्टी की लीगल सेल ने अधिवक्ता अभीक चिमनी के माध्यम से डॉ. जितेंद्र सिंह को यह नोटिस भेजा है। नोटिस में निम्नलिखित प्रमुख मांगें रखी गई हैं:
-
केंद्रीय मंत्री अपने आरोपों को वापस लें और बिना शर्त सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।
-
मानहानि के रूप में 3 करोड़ रुपये का हर्जाना दें। रांका ने प्रस्ताव रखा है कि हर्जाने की यह राशि भारत में प्राथमिक शिक्षा के क्षेत्र में काम करने वाली किसी धर्मार्थ संस्था (चैरिटी) को दान की जाएगी।
-
नोटिस में मंत्री को चुनौती दी गई है कि वे कथित भुगतान का ब्योरा दें और उन पाकिस्तानी राजनेताओं के नाम, राशि, तारीख, बैंक लेनदेन और सहायक दस्तावेज सार्वजनिक करें।
नोटिस में कहा गया है कि मंत्री ने न तो किसी पाकिस्तानी नेता का नाम बताया और न ही किसी खाते या लेनदेन का सबूत दिया। रांका ने स्पष्ट किया कि पिछले दो वर्षों में उनकी व्यावसायिक आय पूरी तरह वैध बैंकिंग माध्यमों से आई है और आयकर रिटर्न में घोषित है।
क्या था पूरा विवाद?
गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने 3 नवंबर को बेंगलुरु में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान आरोप लगाया था कि सीजेपी के संस्थापक अभिजीत दीपके को अमेरिका से और आशुतोष रांका को पाकिस्तान से धन मिला है। उन्होंने यह भी दावा किया था कि भारत विरोधी संगठन और विदेशी फंडिंग प्राप्त समूह मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ अभियान चला रहे हैं और झूठा नैरेटिव गढ़ रहे हैं।
सीजेपी ने चेतावनी दी है कि यदि डॉ. जितेंद्र सिंह नोटिस की शर्तों का पालन नहीं करते हैं, तो आशुतोष रांका उनके खिलाफ दीवानी (सिविल) और आपराधिक (क्रिमिनल) कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाएंगे।