{"vars":{"id": "125128:4947"}}

चंडीगढ़: पैसों और बर्गर के बाद अब लगेगा 'पेट्रोल का लंगर', राजा D King बांटेंगे 500 और 1000 रुपये के कूपन

सेक्टर-10 और सेक्टर-7 के पेट्रोल पंपों पर मिलेगा मुफ्त पेट्रोल, बिना वाहन आने वालों को नहीं मिलेगा कूपन

 

चंडीगढ़/वाराणसी (भदैनी मिरर न्यूज़): पैसों, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक का लंगर लगाकर सोशल मीडिया पर सुर्खियों में आए अमृतसर निवासी राकेश त्रेहन उर्फ 'राजा D King' अब चंडीगढ़ में एक और अनोखा आयोजन करने जा रहे हैं। राजा D King आज शहरवासियों के लिए 'पेट्रोल का लंगर' लगाने जा रहे हैं, जिसके तहत वाहन चालकों को मुफ्त में पेट्रोल भरवाने के लिए कूपन दिए जाएंगे।

कब और कहां मिलेगा फ्री पेट्रोल का कूपन?

राजा D King द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, यह पेट्रोल लंगर आज शाम 5:00 बजे से चंडीगढ़ के दो प्रमुख पेट्रोल पंपों पर आयोजित किया जाएगा:

  • लोकेशन 1: ओबराय पेट्रोल पंप, सेक्टर-10, चंडीगढ़

  • लोकेशन 2: सिद्धू पेट्रोल पंप, सेक्टर-7, चंडीगढ़

  • समय: शाम 5:00 बजे से

छोटे और बड़े वाहनों के लिए अलग-अलग कूपन

आयोजन की जानकारी देते हुए राजा D King ने बताया कि दोपहिया व छोटे वाहनों के लिए ₹500 का कूपन दिया जाएगा, जबकि चार पहिया व बड़े वाहनों के लिए ₹1,000 का कूपन उपलब्ध कराया जाएगा। इन कूपनों के जरिए वाहन मालिक संबंधित पेट्रोल पंप पर मुफ्त में पेट्रोल भरवा सकेंगे।

बिना वाहन वालों को नहीं मिलेगा कूपन, आईफोन बांटने का भी दिया संकेत

राजा D King ने एक वीडियो संदेश जारी कर स्पष्ट हिदायत दी है कि इस लंगर में केवल वही लोग आएं जो अपना वाहन साथ लेकर आ रहे हों। बिना वाहन के पैदल आने वाले लोगों को कूपन नहीं दिया जाएगा।

गौरतलब है कि इससे पहले भी राकेश त्रेहन चंडीगढ़ और अमृतसर में 500-500 रुपये के नोट, बर्गर और कोल्ड ड्रिंक्स के लंगर लगाकर चर्चा बटोर चुके हैं। उन्होंने भविष्य में लोगों के बीच आईफोन (iPhone) का लंगर लगाने का भी संकेत दिया है, हालांकि उसकी तारीख और योजना का खुलासा अभी नहीं किया गया है। फिलहाल चंडीगढ़ में आज लगने वाले इस पेट्रोल लंगर को लेकर खासा उत्साह और चर्चा का माहौल है।