दिल्ली में बिहार के सिग्मा गैंग का खात्मा, चार शातिर गैंगस्टर मुठभेड़ में मार गिराये गये
बिहार चुनाव के दौरान किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे गैंगस्टर
डकैती, हत्या, रंगदारी, लूट और सुपारी लेकर हत्याएं करता था गैंग, कई संगीन वारदातों को गिरोह दे चुका था अंजाम
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और बिहार पुलिस ने एक बड़े ऑपरेशन में बिहार के कुख्यात सिग्मा गैंग के चार मोस्ट वांटेड गैंगस्टरों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया। यह मुठभेड़ रोहिणी इलाके में रात करीब ढाई बजे हुई। मुठभेड़ में मारे गए गैंगस्टरों में रंजन पाठक (26), विमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी (26), मनीष पाठक (32) और अमन ठाकुर (23) हैं। आपको बता दें कि रंजन, विमलेश और मनीष बिहार के सीतामढ़ी के रहने वाले थे, जबकि अमन ठाकुर दिल्ली के करवाल नगर का रहनेवाला था। यह चारों शातिर गैंगस्टर बिहार में कई हत्याओं और सशस्त्र डकैती जैसे गंभीर अपराधों में वांछित थे। दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का दौरा किया। फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच कर साक्ष्य जुटाए।
मुठभेड़ के पास ज्वाइंट सीपी क्राइम सुरेंद्र कुमार ने गुरूवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी। बताया कि डीसीपी क्राइम ब्रांच संजीव यादव की टीम और बिहार पुलिस को सूचना मिली कि बिहार का कुख्यात अपराधी रंजन पाठक साथियों के साथ रोहिणी बेगमपुर इलाके में आने वाला है। इस पुलिस टीम ने जबर्दस्त घेरा बना लिया। सुरेंद्र कुमार ने बताया कि डीसीपी संजीव यादव के नेतृत्व में दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच की टीम ने बुधवार की रात बिहार के चार वांछित अपराधियों के साथ मुठभेड़ की। इन गैगस्टरों के आने की खबर सीतामढ़ी पुलिस ने दी थी। इसके बाद बिहार पुलिस के साथ दिल्ली पुलिस की टीम ने ऑपरेशन को अंजाम दिया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली और बिहार टीम को सर्विलांस के जरिए बदमाशों के लोकेशन की जानकारी मिलती रही। पुलिस एक लोकेशन पर पहुंचती बदमाशों का लोकेशन बदल जाता था। आखिरकार रात करीब ढाई बजे रोहिणी के बेगमपुर थाना क्षेत्र में बहादुर शाह जफर मार्ग पर उनकी गतिविधि देखी गई। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने के लिए कहा। तबतक बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की और चारो बदमाश घायल हो गए। पुलिस चोरों को अस्पताल ले गई और इलाज के दौरान चिकित्सकों ने चारो को मृत घोषित कर दिया।
इन गैंगस्टरों के पास से चार सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, एक देसी पिस्तौल और एक बलेनो कार बरामद हुई। चारों गैगस्टर रंजन पाठक गिरोह के थे और हाई-प्रोफाइल हत्या और जबरन वसूली, रंगदारी के मामलों में शामिल थे। संयुक्त पुलिस आयुक्त अपराध ने बताया कि चोरो बदमाश रंजन पाठक, विमलेश मेहता, अमन ठाकुर और मनीष पाठक ले पिछले तीन महीनों में बिहार के सीतामढ़ी इलाके में लगभग पांच खूंखार अपराध किए थे। आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के दौरान गैंग के लोगों ने किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बनाई थी।