Bengal Election Result 2026: कल 294 में से केवल 293 सीटों के आएंगे नतीजे, जानें क्यों फाल्टा विधानसभा सीट पर रुक गई गिनती?
फाल्टा के सभी 285 बूथों पर मतदान रद्द, अब 21 मई को होगी दोबारा वोटिंग
कोलकाता: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों का इंतजार पूरा देश कर रहा है। कल यानी 4 मई को राज्य की सत्ता का भविष्य तय हो जाएगा, लेकिन एक बड़ी खबर यह है कि कल 294 में से केवल 293 सीटों के ही परिणाम घोषित किए जाएंगे। दक्षिण 24 परगना जिले की फाल्टा (Falta) विधानसभा सीट पर चुनाव आयोग ने अभूतपूर्व फैसला लेते हुए पूरे निर्वाचन क्षेत्र में पुनर्मतदान (Repoll) का आदेश दिया है।
21 मई को दोबारा होगा मतदान
चुनाव आयोग ने फाल्टा विधानसभा के सभी 285 पोलिंग बूथों पर 29 अप्रैल को हुए मतदान को अमान्य घोषित कर दिया है। अब इस सीट पर 21 मई को कड़ी सुरक्षा के बीच दोबारा वोट डाले जाएंगे। फाल्टा के नतीजे अब 4 मई के बजाय 24 मई को घोषित किए जाएंगे। चुनाव आयोग के अनुसार, पर्यवेक्षकों की रिपोर्ट में मतदाताओं को डराने, बूथों के भीतर अनाधिकृत व्यक्तियों की मौजूदगी और ईवीएम के साथ छेड़छाड़ की गंभीर शिकायतें मिली थीं।
क्या थी विवाद की मुख्य वजह?
29 अप्रैल को मतदान के दौरान फाल्टा में भारी हंगामा हुआ था। भाजपा उम्मीदवार देवांशु पांडा ने आरोप लगाया था कि कई बूथों (जैसे बूथ संख्या 177, 144 और 189) पर भाजपा के चुनाव चिह्न के ऊपर सफेद टेप चिपका दिया गया था। इसके अलावा, बेलसिंह इलाके में प्रदर्शन कर रहे मतदाताओं पर पुलिस के लाठीचार्ज ने मामले को और गरमा दिया, जिसमें कई महिलाएं और एक बच्चा घायल हो गया था।
चुनावी रण में कौन-कौन?
फाल्टा में मुख्य मुकाबला इन दिग्गजों के बीच है:
-
TMC: जहांगीर खान
-
BJP: देवांशु पांडा
-
कांग्रेस: अब्दुर रज्जाक मुल्ला
-
CPI(M): शंभू नाथ कुर्मी
सियासी वार-पलटवार: अभिषेक बनर्जी की चुनौती
चुनाव आयोग के इस फैसले पर बंगाल की सियासत उबल पड़ी है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने इसे फाल्टा की महिलाओं की जीत बताया है। वहीं, टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए चुनाव आयोग और भाजपा पर निशाना साधा।
अभिषेक बनर्जी ने लिखा, "10 जन्म भी आपके 'बांग्ला विरोधी गुजराती गैंग' और उनके प्यादों के लिए मेरे 'डायमंड हार्बर मॉडल' को हिलाने के लिए काफी नहीं होंगे। अगर दम है तो दिल्ली से अपने सबसे बड़े गॉडफादर को भेजो और फाल्टा में मुकाबला करो।"
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
आयोग ने निर्देश दिया है कि 21 मई को होने वाले पुनर्मतदान में केंद्रीय बलों की भारी तैनाती होगी। साथ ही, हर बूथ पर वेबकास्टिंग और माइक्रो-ऑब्जर्वर की व्यवस्था की जाएगी ताकि गड़बड़ी की कोई गुंजाइश न रहे।