{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पहलगाम हमले से पहले चीनी सैटेलाइट्स ने 37 बार बदली कक्षा, दिगंतारा के विश्लेषण में खुलासा

15 से 30 अप्रैल 2025 के बीच चीन की 1,332 अंतरिक्ष वस्तुओं का हुआ अध्ययन, Yaogan-35-01A और Yaogan-39 की हलचलों पर चर्चा; हालांकि हमले में सीधी भूमिका का कोई प्रमाण नहीं, लेकिन स्पेस निगरानी पर बढ़ी बहस

 

भदैनी मिरर राष्ट्रीय/रक्षा-रणनीति डेस्क। 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले—जिसमें 26 लोगों की जान गई थी—और उसके बाद 7 मई 2025 को शुरू किए गए ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी एक अंतरिक्ष निगरानी रिपोर्ट ने रणनीतिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। बेंगलुरु स्थित अंतरिक्ष निगरानी कंपनी दिगंतारा (Digantara) के विश्लेषण के मुताबिक, हमले से पहले और आसपास चीनी सैटेलाइट्स की कक्षाओं में असामान्य बदलाव दर्ज किए गए, जिससे संवेदनशील क्षेत्रों के ऊपर निगरानी के अवसर बढ़े।

रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया गया है कि इन गतिविधियों से किसी आतंकी हमले में चीन की सीधी संलिप्तता या भूमिका साबित नहीं होती, लेकिन आधुनिक सुरक्षा और अंतरिक्ष निगरानी (Space Domain Awareness) को लेकर अहम सवाल जरूर खड़े होते हैं।

1,332 अंतरिक्ष वस्तुओं के अध्ययन में 37 असामान्य हलचलें

दिगंतारा ने 15 अप्रैल से 30 अप्रैल 2025 के बीच चीन की कुल 1,332 अंतरिक्ष वस्तुओं (सैटेलाइट व अन्य ऑब्जेक्ट्स) की गतिविधियों का विश्लेषण किया। पाया गया कि इनमें से 190 वस्तुओं ने इस दौरान कम से कम एक बार अपनी कक्षा बदली, जिनमें 37 गतिविधियां असामान्य मानी गईं।

विश्लेषण के अनुसार:

  • Yaogan-35-01A: हमले से छह दिन पहले 16 अप्रैल 2025 को इस सैटेलाइट ने अपनी कक्षा बदली, जिससे पहलगाम के ऊपर से गुजरने की आवृत्ति में बढ़ोतरी देखी गई। विशेषज्ञों के अनुसार, पृथ्वी निरीक्षण के अलावा ऐसे सैटेलाइट्स की सिग्नल व इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (SIGINT / ELINT) क्षमताओं को लेकर भी चर्चा होती है।

  • Yaogan-39-01B और Yaogan-39-01C: हमले वाले दिन 22 अप्रैल 2025 को शाम 5:14 बजे और 5:59 बजे इन दोनों सैटेलाइट्स की कक्षा में बदलाव दर्ज किया गया, जिससे पहलगाम के साथ-साथ श्रीनगर, गुलमर्ग, सोनमर्ग और जम्मू के क्षेत्रों पर निगरानी की संभावनाएं बढ़ीं।

कक्षीय बदलाव, सेंसर तकनीक और गुजरात तट की निगरानी

सैटेलाइट्स में लगे थ्रस्टर्स की मदद से ऊंचाई, दिशा या कक्षा में किए जाने वाले बदलाव को कक्षीय बदलाव (Orbital Manoeuvre) कहा जाता है, जिससे किसी क्षेत्र के ऊपर से गुजरने की आवृत्ति व समय प्रभावित हो सकता है। इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल इमेजिंग, सिंथेटिक एपर्चर रडार (SAR) और इलेक्ट्रॉनिक इंटेलिजेंस (ELINT) जैसी तकनीकों का उपयोग नागरिक व सैन्य दोनों उद्देश्यों के लिए किया जा सकता है।

द प्रिंट की 24 नवंबर 2026 की रिपोर्ट में दिगंतारा के एक अन्य विश्लेषण के हवाले से बताया गया कि 10 और 11 मई 2025 को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान चीन के तीन सैटेलाइट्स—Ningxia-14, Gaofen-11 और Yaogan-30—गुजरात के तटीय क्षेत्रों (भुज, नलिया और जामनगर आदि) पर केंद्रित थे।

चीन-पाकिस्तान अंतरिक्ष सहयोग और भारत के सामने चुनौतियां

रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच पाकिस्तान द्वारा प्रक्षेपित छह सैटेलाइट्स में से पांच के प्रक्षेपण या तकनीकी सहयोग में चीन की भूमिका का उल्लेख किया गया है। हालांकि, इससे पहलगाम हमले से जुड़ी कोई जानकारी साझा होने का कोई प्रमाण नहीं है।

विशेषज्ञों का मानना है कि भारत के पास Cartosat, RISAT और EMISAT जैसी क्षमताएं मौजूद हैं, लेकिन भविष्य की सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए विदेशी अंतरिक्ष संपत्तियों की गतिविधियों पर निरंतर नजर रखने, कक्षीय बदलावों के विश्लेषण और सेना, खुफिया एजेंसियों व अंतरिक्ष संस्थानों के बीच मजबूत समन्वय की आवश्यकता और बढ़ गई है।