{"vars":{"id": "125128:4947"}}

आर्थिक तंगी से परेशान युवक को मकान मालकिन ने मारा था थप्पड़, तो गला घोंटकर मार डाला

बुजुर्ग महिला की हत्या के दो माह बाद पकड़ा गया हत्यारोपित किरायेदार

 

दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस ने बुद्ध विहार थाना क्षेत्र में हत्या के बाद गहने आदि लेकर भाग निकला था हिमांशु यादव

नई दिल्ली। दिल्ली के रोहिणी जिला पुलिस ने बुद्ध विहार थाना क्षेत्र में 65 वर्षीय मकान मालकिन की गला घोंटकर हत्या और आभूषण लूटकर फरार होने के आरोपित हिमांशु यादव (25) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह नेपाल भागने की फिराक में था। 

बताया जाता है कि आरोपित के यहां किराये पर रहता था। महिला घर में अकेली रहती थी और उसके बच्चे उससे अलग रहते थे। बताया जा रहा है कि किराए के पैसे न देने पर पीड़ित महिला ने उसे अपमानित किया था और थप्पड़ मारा था। किराया अदा न कर पाने और तगादे से परेशान युवक ने मौका पाकर महिला पर हमला कर दिया। हमले के दौरान जब मकान मालकिन की नींद खुल गई और उसने आरोपी को पहचान लिया। तब उसने उसका गला घोंट दिया और उसके गहने लेकर फरार हो गया। इस घटना का पता सात अक्टूबर को चला। जब पुलिस को पीसीआर कॉल मिली कि बुद्ध विहार स्थित एक मकान का मुख्य दरवाजा बंद मिला है और खोलने पर अंदर एक बुजुर्ग महिला का शव पाया गया। महिला अपने बिस्तर पर पड़ी मिली, उसके गले के आसपास खरोंच के निशान थे और संघर्ष के संकेत थे।

पुलिस ने पाया कि महिला का मोबाइल फोन और उसके पहने हुए गहने, जिसमें झुमके और एक सोने की अंगूठी शामिल थी, गायब थे। रोहिणी जिला पुलिस उपायुक्त राजीव रंजन ने बताया कि हिमांशु यादव को दो महीने बाद रोहिणी के जापानी पार्क से गिरफ्तार किया गया। वह नेपाल भागने की फिराक में था। पुलिस ने बताया कि वह एक निजी गारमेंट कंपनी में सेल्समैन था। उसे पहले व्यवसाय, शेयर बाजार और ऑनलाइन गेमिंग में नुकसान उठाना पड़ा था। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह गंभीर आर्थिक दबाव में था और कई महीनों से किराया नहीं दे पा रहा था। पुलिस टीम ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और घटना के बाद तड़के एक किरायेदार की संदिग्ध गतिविधि की पहचान की। पुलिस ने बताया कि संदिग्ध ने अपना फोन बंद कर दिया था और वह लापता हो गया था।यादव ने खुलासा किया कि उसने चोरी के गहने हरियाणा के भिवानी में 70,000 रुपये में गिरवी रख दिए थे और गिरफ्तारी से बचने के लिए जगह बदलता रहा, कभी भी एक जगह पर पांच दिन से ज़्यादा नहीं रुका। पुलिस ने बताया कि पीड़ित से लूटी गई सोने की एक जोड़ी बालियां और एक सोने की अंगूठी बरामद कर ली गई है।