ऋषिकेश के होटल में 5वें फ्लोर से गिरी लिफ्ट, फरीदाबाद के 5 पत्रकार गंभीर रूप से घायल
उत्तराखंड में बड़ा हादसा: खाना खाकर लौट रहे थे मीडियाकर्मी, अचानक नीचे आ गिरी लिफ्ट; AIIMS ऋषिकेश में भर्ती, होटल मालिक पर लापरवाही का आरोप।
ऋषिकेश। उत्तराखंड के तीर्थ नगरी ऋषिकेश से एक बेहद दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। यहां वीरभद्र रोड स्थित एक नामी होटल में गुरुवार की रात अचानक पांचवें फ्लोर से लिफ्ट टूटकर नीचे गिर गई। इस भयानक हादसे में हरियाणा के फरीदाबाद से ऋषिकेश घूमने आए पांच पत्रकार गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घटना के बाद होटल परिसर में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सभी घायल मीडियाकर्मियों को इलाज के लिए एम्स (AIIMS) ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
खाना खाकर लौट रहे थे पत्रकार, तभी हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरीदाबाद से 22 पत्रकारों और पर्यटकों का एक दल उत्तराखंड के ऋषिकेश में छुट्टियां बिताने आया हुआ था। यह पूरा ग्रुप वीरभद्र रोड पर स्थित एक होटल में ठहरा था। गुरुवार की रात सभी लोग होटल की पांचवीं मंजिल (रूफ टॉप) पर रात का खाना खाने गए थे। डिनर करने के बाद जब पत्रकार नीचे आने के लिए लिफ्ट में सवार हुए, तो अचानक लिफ्ट का केबल जवाब दे गया और वह सीधे पांचवें फ्लोर से सीधे ग्राउंड पर आ गिरी।
हादसे में ये 5 पत्रकार हुए गंभीर रूप से घायल
लिफ्ट गिरते ही होटल में चीख-पुकार मच गई। आवाज सुनकर पहुंचे होटल स्टाफ और अन्य साथियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लिफ्ट का दरवाजा खोलकर घायलों को बाहर निकाला। इस हादसे में वरुण कुमार, मनोज सूर्यवंशी, रुपेश कुमार, चेतन सिंह और जय प्रकाश को गंभीर चोटें आई हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से एक पत्रकार के दोनों पैरों की हड्डियां बुरी तरह फ्रैक्चर हो गई हैं। सभी का इलाज एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
होटल प्रबंधन पर गंभीर आरोप, जांच में जुटी पुलिस
हादसे का शिकार हुए पत्रकारों और उनके साथियों ने होटल संचालक और प्रबंधन पर मेंटेनेंस में घोर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पर्यटकों का कहना है कि लिफ्ट की स्थिति ठीक नहीं थी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एम्स चौकी प्रभारी देवेंद्र पवार ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। पुलिस ने लिफ्ट के मेंटेनेंस और फिटनेस सर्टिफिकेट को लेकर होटल स्टाफ से पूछताछ शुरू कर दी है। चौकी प्रभारी के मुताबिक, पीड़ित पक्ष की ओर से लिखित तहरीर मिलते ही होटल मालिक और जिम्मेदार स्टाफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।