{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UP : दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड का मुख्य आरोपी ₹1 लाख का इनामी रवि यादव ढेर, मुठभेड़ में SHO को लगी गोली

दो जवानों की बुलेटप्रूफ जैकेट ने बचाई जान। फरार चल रहे अन्य ₹1-1 लाख के इनामी प्रदीप बिंद और भोले राजभर की तलाश तेज।

 

जौनपुर/भदैनी मिरर डेस्क: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से इस वक्त की सबसे बड़ी आपराधिक खबर सामने आ रही है। पूरे प्रदेश को हिलाकर रख देने वाले चर्चित 'दूल्हा आजाद बिंद हत्याकांड' के मुख्य शूटर और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस और एसटीएफ (STF) की संयुक्त टीम ने देर रात एक भीषण मुठभेड़ में ढेर कर दिया है।

इस क्रॉस फायरिंग के दौरान लाइन बाजार के थाना प्रभारी (SHO) केके सिंह के हाथ में गोली लगी है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने के कारण दो अन्य पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।

घेराबंदी देख पुलिस पर झोंकी फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में हुआ ढेर

पुलिस के आला अधिकारियों के मुताबिक, यह एनकाउंटर खेतासराय थाना क्षेत्र के रानीमऊ मोड़ के पास हुआ। पुलिस और एसटीएफ की टीम को सटीक इनपुट मिला था कि एक लाख का इनामी रवि यादव इस इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने या छिपने के इरादे से घूम रहा है।

सूचना के आधार पर जब स्वात (SOG) और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी शुरू की, तो खुद को चारों तरफ से घिरता देख रवि यादव ने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई में रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

थाना प्रभारी घायल, दनादन चलीं गोलियां

इस मुठभेड़ की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में लाइन बाजार थाना प्रभारी केके सिंह के बाएं हाथ में गोली लग गई। वहीं, खेतासराय थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ला और एसओजी टीम के जांबाज सिपाही प्रवीण यादव की छाती को छूती हुई गोलियां निकल गईं, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहने होने की वजह से दोनों की जान सुरक्षित बच गई।

क्या था पूरा मामला? (The Azad Bind Murder Case)

भदैनी मिरर फ्लैशबैक: इसी महीने की 1 मई को जौनपुर में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई थी। शादी की खुशियों के बीच बारात लेकर जा रहे 25 वर्षीय दूल्हे आजाद बिंद की बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक हत्याकांड ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए थे।

पुलिस ने इस मामले में कुल 7 लोगों को मुख्य आरोपी बनाया था, जिसमें से अपराध की गंभीरता को देखते हुए तीन मुख्य आरोपियों— प्रदीप बिंद, रवि यादव और भोले राजभर पर शासन की तरफ से 1-1 लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

प्रदीप और भोले की तलाश में नेपाल तक दबिश

रवि यादव के खात्मे के बाद अब पुलिस इस केस के बाकी बचे आरोपियों की धरपकड़ में जुट गई है। वारदात के बाद से ही यूपी पुलिस की 10 अलग-अलग टीमें दिल्ली, वाराणसी, प्रयागराज, सुल्तानपुर और यहां तक कि नेपाल बॉर्डर तक लगातार छापेमारी कर रही हैं।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि एनकाउंटर में रवि यादव के मारे जाने के बाद अब फरार चल रहे मुख्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर पर शिकंजा और कस दिया गया है, उन्हें भी बहुत जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा या उनका भी यही अंजाम होगा।