{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Jaunpur News: जहाज की टक्कर से शाही पुल ढहने का एआई वीडियो वायरल, अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज

कोतवाली पुलिस ने फेसबुक पेज संचालक के खिलाफ की कार्रवाई, जनमानस में भ्रम और सनसनी फैलाने के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू

 

जौनपुर (भदैनी मिरर): जौनपुर के ऐतिहासिक शाही पुल को पानी के एक बड़े जहाज की टक्कर से ढहते हुए दिखाने वाला आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) जनित वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। रिपोर्ट के अनुसार, यह भ्रामक वीडियो 'सौरभ सहानी' नाम के फेसबुक पेज से साझा किया गया था।

गश्त और निगरानी के दौरान सामने आया मामला

दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक, 25 नवंबर को उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी पुलिस टीम के साथ कोतवाली क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सोशल मीडिया निगरानी और मुखबिर तंत्र से सूचना मिली कि 'सौरभ सहानी' नामक फेसबुक पेज के माध्यम से एआई तकनीक का दुरुपयोग कर शाही पुल का एक फर्जी वीडियो वायरल किया गया है।

सनसनी फैलाने और छवि धूमिल करने का आरोप

वायरल वीडियो में एक विशाल जहाज को शाही पुल से टकराते हुए और उसके बाद ऐतिहासिक पुल के टूटकर गिरते हुए दिखाया गया है। पुलिस को दी गई तहरीर में इस वीडियो को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताया गया है। आरोप है कि इसे आम लोगों के बीच सनसनी व भय का माहौल बनाने तथा ऐतिहासिक धरोहर की छवि को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से प्रसारित किया गया।

पुलिस ने दर्ज की एफआईआर, विवेचना शुरू

उपनिरीक्षक आलोक त्रिपाठी की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने संबंधित फेसबुक पेज के अज्ञात संचालक के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। मामले की आगे की जांच और विवेचना उपनिरीक्षक संतोष कुमार यादव को सौंपी गई है।