जौनपुर में दर्दनाक हादसा: दुर्गा पूजा पंडाल में टेंट के पाइप से उतरे करंट की चपेट में आने से इकलौते बेटे की मौत
केराकत कोतवाली क्षेत्र के खटहरा गांव की घटना; आरती में शामिल होने गया 7 वर्षीय मासूम शिकार हुआ, बचाने पहुंचे लोग भी झुलसे।
जौनपुर (भदैनी मिरर ब्यूरो): उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से एक बेहद मर्मस्पर्शी और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। जिले के केराकत कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत खटहरा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल के पास बिजली का करंट उतरने से सात वर्षीय मासूम की जान चली गई। वहीं, आरती में शामिल होने पहुंचे बालक को बचाने की कोशिश में कुछ अन्य ग्रामीण भी करंट की चपेट में आकर झुलस गए। इस अचानक हुई दिल दहला देने वाली दुर्घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।
टेंट के पाइप में उतरा था करंट
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खटहरा गांव निवासी नीरज सरोज का सात वर्षीय बेटा रिव्यांश सरोज उर्फ कल्लू मुर्तजाबाद-बगथरी स्थित माइक्रोटेक विद्यालय में एलकेजी का छात्र था। वह अपनी दो वर्षीय बहन से बड़ा और परिवार का इकलौता बेटा था। उसके पिता नीरज सरोज परिवार के भरण-पोषण के लिए महाराष्ट्र के मुंबई-नासिक क्षेत्र में एक डेयरी कंपनी में नौकरी करते हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, गांव में दुर्गा पूजा पंडाल लगाने का कार्य 'गोलू टेंट हाउस' को दिया गया था। पंडाल में टेंट का पाइप लगाते समय अचानक उसमें बिजली का करंट उतर आया। इसी दौरान वहां पहुंचा मासूम रिव्यांश उसकी चपेट में आ गया। बच्चे की चीख सुनकर उसे बचाने दौड़े अन्य लोग भी करंट की जद में आकर झुलस गए। आनन-फानन में बच्चे को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इकलौते बेटे की मौत की खबर मिलते ही माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस बल मौके पर तैनात, स्थिति नियंत्रण में
घटना की सूचना मिलते ही केराकत कोतवाली पुलिस के साथ-साथ चंदवक, जलालपुर और गौराबादशाहपुर थानों की पुलिस भी भारी बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को संभालते हुए शव को अपने कब्जे में लिया।
घटना के बाद शव के अंतिम संस्कार और पोस्टमार्टम को लेकर परिजनों तथा ग्रामीणों में अलग-अलग मत सामने आए। पुलिस दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामले की जांच में जुटी हुई है। इस अकाल मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है और हर किसी की आंखें नम हैं।