{"vars":{"id": "125128:4947"}}

UAE ने पाकिस्तानियों के लिए वीज़ा रोके, ग्रीन पासपोर्ट पर बड़ी पाबंदी की चेतावनी

सिर्फ ब्लू और डिप्लोमैटिक पासपोर्ट पर मिल रहे वीज़ा; पाक अधिकारी बोले-ग्रीन पासपोर्ट पर बैन ‘टेबिल पर’ था

 

इस्लामाबाद/अबूधाबी। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने पाकिस्तानियों के लिए वीज़ा नियमों को अचानक कड़ा कर दिया है। ताज़ा जानकारी के अनुसार, UAE ने आम नागरिकों को जारी होने वाले वीज़ा लगभग रोक दिए हैं और फिलहाल सिर्फ ब्लू (सरकारी कर्मियों) और डिप्लोमैटिक पासपोर्ट पर ही वीज़ा जारी किए जा रहे हैं।
यह खुलासा पाकिस्तान के अतिरिक्त गृह सचिव सलमान चौधरी ने गुरुवार को सीनेट की फंक्शनल कमेटी ऑन ह्यूमन राइट्स को दिया।

ग्रीन पासपोर्ट पर ‘बैन’ की स्थिति तक पहुंचा मामला

अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि कुछ समय पहले UAE और सऊदी अरब दोनों ने ग्रीन पासपोर्ट पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर गंभीरता से विचार किया था। सलमान चौधरी के अनुसार- “दोनों देशों ने पाकिस्तानी पासपोर्ट पर बैन लगाने से खुद को बस एक कदम दूर रोका। अगर यह बैन लग जाता, तो उसे हटवाना बेहद मुश्किल होता।”
ब्लू पासपोर्ट सिर्फ सरकारी अधिकारियों को जारी किया जाता है, जबकि आम पाकिस्तानी नागरिक ग्रीन पासपोर्ट पर यात्रा करते हैं।

अपराधों में बढ़ोतरी चिंता का कारण

कमेटी की चेयरपर्सन सीनेटर समीना मुमताज़ ज़हरी ने भी मंत्रालय की बात की पुष्टि करते हुए कहा कि UAE की यह सख्ती उन मामलों के कारण है जिनमें पाकिस्तानी यात्रियों के अपराध और अवैध गतिविधियों में शामिल होने की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने बताया कि पिछले कुछ महीनों में बहुत कम वीज़ा जारी किए गए और वे भी “काफी कठिनाई” के बाद।

UAE ने जारी किए नई ‘वीज़ा सुविधा सुधार’ की जानकारी

उधर, इसी दिन UAE के राजदूत सलेम एम. सलेम अल बाज़ाब अल ज़ाबी ने पाकिस्तान के वित्त मंत्री मोहम्मद औरंगजेब से मुलाकात कर नए वीज़ा फ़ैसिलिटेशन सुधारों की जानकारी दी।
इनमें शामिल हैं—

  • ऑनलाइन आवेदन की सुविधा
  • ई-वीज़ा (पासपोर्ट पर स्टैंपिंग नहीं)
  • तेज़ डिजिटल प्रोसेसिंग
  • नया UAE वीज़ा सेंटर, जहां रोज़ाना 500 आवेदन निपटाए जा रहे हैं

UAE में लाखों पाकिस्तानी रहते और काम करते हैं, और देश की अर्थव्यवस्था के लिए UAE एक बड़ा रेमिटेंस स्रोत है।


वीज़ा मिसयूज़ की शिकायतें लंबे समय से

यह पहली बार नहीं है जब पाकिस्तानियों के वीज़ा पर रोक लगी हो। इस साल कई मौकों पर UAE ने वीज़ा अस्वीकार बढ़ा दिए थे।

  • जुलाई में वीज़ा रिजेक्शन बढ़ने पर पाक गृह मंत्री मोशिन नक़वी ने UAE से बातचीत की थी।
  • अप्रैल में UAE ने पाँच साल के वीज़ा की सुविधा देने की घोषणा की थी।
  • जनवरी में सीनेट कमेटी को बताया गया था कि कई वीज़ा “अनौपचारिक रूप से बंद” कर दिए गए हैं, क्योंकि कुछ पाकिस्तानी विज़िट वीज़ा लेकर UAE जाकर भीख मांगने या अवैध कामों में शामिल पाए गए।

रोज़गार वीज़ा प्रभावित नहीं बताए जा रहे हैं, लेकिन विज़िट वीज़ा पर अनिश्चितता लगातार बनी हुई है।