'चोर आया, चोर आया...': अमेरिका पहुंचे पाक PM शहबाज शरीफ की भारी बेइज्जती, न्यूयॉर्क की सड़कों पर लगे विरोध के पोस्टर
UNGA सत्र में शामिल होने पहुंचे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री; न मिला रेड कार्पेट, न स्वागत में आया कोई बड़ा अमेरिकी अधिकारी
भदैनी मिरर डेस्क: संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के सत्र में हिस्सा लेने अमेरिका पहुंचे पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को न्यू यॉर्क उतरते ही भारी फजीहत का सामना करना पड़ा है। एयरपोर्ट पर किसी बड़े अमेरिकी अधिकारी के न पहुंचने और रेड कार्पेट न मिलने से शुरू हुआ फजीहत का यह सिलसिला न्यू यॉर्क की सड़कों तक पहुंच गया है, जहां उनके खिलाफ 'चोर आया' और 'चेरी पॉलिश' के पोस्टर लगा दिए गए हैं।
हवाई अड्डे पर न रेड कार्पेट, न कोई बड़ा अधिकारी
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री जब न्यू यॉर्क के हवाई अड्डे पर उतरे, तो वहां का नजारा किसी भी देश के राष्ट्राध्यक्ष के लिए बेहद असहज करने वाला था। उनके स्वागत के लिए न तो कोई रेड कार्पेट बिछाया गया था और न ही कोई वरिष्ठ अमेरिकी राजनयिक या अधिकारी मौजूद था।
राजनीतिक विश्लेषक इस घटनाक्रम को पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के उस पुराने बयान से जोड़कर देख रहे हैं, जिसमें उन्होंने कहा था कि "अमेरिका, पाकिस्तान का इस्तेमाल टॉयलेट पेपर की तरह करता है—जरूरत खत्म तो फेंक दिया।"
न्यूयॉर्क की सड़कों पर 'चोर' और 'चेरी पॉलिश' के लगे पोस्टर
एयरपोर्ट पर हुई अनदेखी के बाद न्यू यॉर्क के प्रसिद्ध पेन स्टेशन (Penn Station) और आसपास के प्रमुख इलाकों में पाकिस्तानी प्रवासियों और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के समर्थकों ने बड़े-बड़े पोस्टर लगा दिए हैं।
इन पोस्टरों में शहबाज शरीफ को 'चोर' और 'चेरी पॉलिश' बताते हुए लिखा गया है कि 'चोरों की सरकार नामंजूर है'। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि शहबाज सरकार फर्जी जनादेश (फॉर्म 47) के सहारे सत्ता पर काबिज हुई है।
12 अरब रुपये के आलीशान विमान पर छिड़ा विवाद
विरोध प्रदर्शनों में एक बड़ा मुद्दा पाकिस्तान की गिरती अर्थव्यवस्था के बीच हुक्मरानों की फिजूलखर्ची भी है। पोस्टरों में एक महंगे विमान की तस्वीर छपी है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि एक तरफ पाकिस्तान की राष्ट्रीय एयरलाइन 'PIA' की बोली महज 10 अरब रुपये लग रही है, वहीं दूसरी तरफ पंजाब की मुख्यमंत्री मरियम नवाज शरीफ के लिए जनता के टैक्स के पैसों से करीब 12 अरब पाकिस्तानी रुपये का आलीशान निजी जेट खरीदा गया है।
आर्थिक बदहाली के बीच अंतरराष्ट्रीय मीडिया में फजीहत
पाकिस्तान पहले से ही भीषण आर्थिक संकट, महंगाई और भारी विदेशी कर्ज के दबाव में झुलस रहा है। ऐसे में न्यू यॉर्क में हुए इस विरोध-प्रदर्शन और विज्ञापनों के बाद शहबाज शरीफ की यह अमेरिका यात्रा अंतरराष्ट्रीय मीडिया और राजनयिक हलकों में चर्चा व चुटकुलों का विषय बन गई है।