बांग्लादेश में तारिक रहमान के नेतृत्व वाली पार्टी बीनपी बहुमत की ओर, PM बन सकते हैं तारिक
भारत के पीएम और कांग्रेस अध्यक्ष के अलावा अमेरिका, पाकिस्तान ने तारिक रहमान को दी बधाई
चुनाव में जेपी को मिली अबतक की सबसे बड़ी हार
नई दिल्ली। बांग्लादेश में कल 13वें संसदीय चुनाव के लिए 299 सीटों पर मतदान के बाद शुक्रवार को नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। इस दौरान बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को पूर्ण बहुमत मिला है। प्रधानमंत्री शेख हसीना के देश छोड़ने के डेढ़ साल बाद हुए आम चुनाव में मुख्य मुकाबला बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी के बीच है। इसमें अवामी लीग चुनाव से बाहर है। अभी कई सीटों पर वोटों की गिनती जारी है।
आपको बता दें कि इस चुनाव में अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना की आवामी लीग की पुरानी सहयोगी पार्टी जातीय पार्टी (जेपी) एक भी सीट नही जीत नहीं पाई। इस चुनाव में जेपी की अबतक की सबसे बड़ी हार है। इस पार्टी ने 196 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन एक भी सीट पर जीत नहीं पाई। बीनपी ने ढाका, बारिसल और तंगेल जैसे सभी बड़े जिलों में जीत हासिल कर ली है। पार्टी ने तंगेल की आठ में से सात और ढाका के सभी पांच जिलों की सीटें जीत ली है। इस तरह से तारिक रहमान के नेतृत्व में बीएनपी बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार बांग्लादेश के 13वें आम चुनाव में सात महिला उम्मीदवार संसद में जगह बनाने की ओर अग्रसर हैं।
तारिक रहमान के नेतृत्व वाली पार्टी बीनपी की जीत पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बधाई दी है। कहा कि यह जीत बांग्लादेश के लोगों के उनके नेतृत्व में भरोसे को दिखाती है। भारत लोकतांत्रिक, प्रगतिशील और समावेशी बांग्लादेश के समर्थन में हमेशा खड़ा रहेगा। तारीक रहमान के साथ मिलकर भारत-बांग्लादेश के बहुआयामी संबंधों को और मजबूत करने और दोनों देशों के साझा विकास लक्ष्यों को आगे बढ़ाने के लिए काम करने के लिए उत्सुक हैं। उधर, बीएनपी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को धन्यवाद देते हुए आभार जताया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने तारिक रहमान को उनकी पार्टी की ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि कांग्रेस की तरफ से, मैं मिस्टर तारिक रहमान और बीएनपी को बांग्लादेश में पार्लियामेंट्री चुनाव जीतने पर बधाई देता हूं। इसके अलावा बीएनपी की जीत पर अमेरिका ने भी तारिक रहमान को बधाई दी है। अमेरिकी राजदूत ने कहा कि यूनाइटेड स्टेट्स आपके साथ मिलकर दोनों देशों की खुशहाली और सुरक्षा के साझा लक्ष्यों को पूरा करने के लिए काम करने का इंतजार कर रहा है। इसके अलावा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी तारिक रहमान को बधाई दी है।
मतगणना में असामान्य देरी पर सवाल
उधर, जमात-ए-इस्लामी ने चुनाव आयोग पर आरोप लगाया है। जमात के एक नेता ने ढाका के अगारगांव स्थित चुनाव आयोग के सामने पत्रकारों से कहा कि कल के चुनाव और जनमत संग्रह की मतगणना शाम 5 बजे शुरू हुई थी। अब लगभग सुबह 4 बजे हैं, फिर भी आयोग से जुड़े लोगों की वजह से मतगणना में असामान्य देरी हो रही है। उनका कहना था कि यह देरी मत प्रक्रिया में पारदर्शिता और समयबद्ध परिणाम पर सवाल खड़े करती है।