हिंसा के बीच बांग्लादेश में कॉन्डम की भारी कमी, जानें क्यों बाधित होगी सप्लाई
छात्र नेता की मौत और राजनीतिक अशांति के बीच बढ़ी परिवार नियोजन संकट, जन्म दर में वृद्धि के बीच लोगों को झेलनी पड़ेगी मुश्किल
बांग्लादेश। देश में हाल ही में छात्र नेता शरीफ उस्मान हादी की मौत और उससे फैली हिंसा के बाद राजनीतिक अशांति का माहौल बना हुआ है। इसी बीच एक गंभीर संकट सामने आया है। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, बांग्लादेश में अगले साल की शुरुआत में कम से कम एक महीने तक कॉन्डम की सप्लाई पूरी तरह ठप हो सकती है।
स्थानीय अखबार द डेली स्टार की रिपोर्ट के अनुसार, फंड और स्टाफ की भारी कमी के कारण कॉन्डम का मौजूदा स्टॉक केवल 38 दिनों का बचा है। अधिकारियों का कहना है कि इसके बाद कम से कम एक महीने तक देश में कॉन्डम उपलब्ध नहीं होंगे।
बढ़ती जन्म दर ने बढ़ाई चिंता
कॉन्डम संकट ऐसे समय में आया है जब बांग्लादेश में जन्म दर बढ़ने लगी है। मल्टीपल इंडिकेटर क्लस्टर सर्वे 2025 के अनुसार, देश की कुल प्रजनन दर (TFR) बढ़कर 2.4 हो गई है, जो पिछले वर्ष 2.3 थी। कई दंपती परिवार नियोजन से दूर जा रहे हैं और दो से ज्यादा बच्चे पैदा करने का चलन बढ़ रहा है। गर्भनिरोधकों की कमी इस स्थिति को और गंभीर बना सकती है।
छह साल में 57% गिर गई कॉन्डम की सप्लाई
देश में डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ फैमिली प्लानिंग (DGFP) द्वारा मुफ्त में उपलब्ध कराए जाने वाले गर्भनिरोधक साधनों में भारी कमी आई है। रिपोर्ट के अनुसार:
- कॉन्डम की सप्लाई में 57% गिरावट
- गर्भनिरोधक गोलियों में 63% कमी
- IUD की उपलब्धता में 64% गिरावट
- इंजेक्शन 41% कम
- इम्प्लांट की सप्लाई 37% घट गई
कानूनी अड़चन और स्टाफ की कमी
DGFP के लॉजिस्टिक्स निदेशक अब्दुर रज्जाक ने बताया कि कुछ गर्भनिरोधक साधनों की आपूर्ति कानूनी विवाद सुलझने के बाद बहाल हो सकती है। हालांकि, कॉन्डम की कमी फिलहाल तय है और लोगों को कम से कम एक महीने तक कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा।
इसके अलावा, फील्ड लेवल कर्मचारियों की भारी कमी ने स्थिति को और बिगाड़ दिया है। नई भर्तियां कानूनी अड़चनों की वजह से रुकी हुई हैं, जबकि यही कर्मचारी घर-घर जाकर गर्भनिरोधक साधन वितरित करने और लोगों को सलाह देने का काम करते हैं।
बांग्लादेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग इस संकट को जल्द समाधान करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन विशेषज्ञों का कहना है कि कम से कम एक महीने तक लोग इस समस्या का सामना करेंगे।