{"vars":{"id": "125128:4947"}}

ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई की हत्या के बाद जवाबी हमले जारी,अमेरिकी सैन्य ठिकानों को बनाया निशाना

होर्मुज की खाड़ी के पास तेल वाले जहाज पर हमला, जहाज पर 15 भारतीय भी सवार थे

 
ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने कहा-हम अपने भाईयों पर नही, अमेरिकी ठिकानों को बना रहे निशाना

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव के बीच अमेरिका और इस्राइल ने संयुक्त कार्रवाई के जवाब में ईरान भी लगातार हमले कर रहा है। इधर, ईरान के कई शहरों पर हवाई हमले जारी हैं। जवाब में ईरान ने भी कई देशों में बने अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई सहित कई बड़े अधिकारी मारे जाने के बाद जंग और भी आक्रामक हो चुका है। इस दौरान होर्मुज की खाड़ी के पास एक तेल वाले जहाज पर हमला किए जाने की खबर है। टैंकर वाले इस जहाज पर 15 भारतीय भी सवार थे।  

परमाणु के मुद्दे पर चल रही बातचीत के बीच हमले के लिए अमेरिका की आलोचना करते हुए ईरान के विदेश मंत्री अराघची ने कहा कि ईरान ने डिप्लोमेसी का हमेशा समर्थन किया है। अमेरिका ने बातचीत के दौरान हम पर हमला किया गया। कहाकि ईरान अपने भाइयों पर हमले नहीं कर रहा है, हम अमेरिकी ठिकानों पर हमले कर रहे हैं। ईरान ने इजरायल पर अपने हमलों में सबसे भारी पेलोड ले जाने में सक्षम अपनी सबसे बड़ी मिसाइल का इस्तेमाल किया है। अमेरिकी बमवर्षक विमानों के ईरान के तीन परमाणु ठिकानों पर हमला करने के कुछ घंटों बाद ईरानी स्टेट टीवी ने खोर्रमशहर-4 मिसाइल की फ़ाइल फुटेज दिखाई। इसमें दावा किया गया कि इसका इस्तेमाल इजरायल पर हुए हमले में किया गया।

आपको बता दें कि ईरान ने अमेरिकी कार्रवाई के बाद कम से कम 40 मिसाइलें लॉन्च कीं। इनमें ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के अनुसार खोर्रमशहर-4 भी शामिल है। इस मिसाइल को 2,000 किलोमीटर रेंज वाला और 1,500 किलोग्राम के वारहेड ले जाने में सक्षम बताई जाती है। यह  मिसाइल कई वारहेड ले जा सकती है। अल जजीरा के साथ इस इंटरव्यू के दौरान अराघची ने कहा, फारस की खाड़ी के दूसरी तरफ बसे देशों से हमें कोई दिक्कत नहीं है। उन सभी के साथ दोस्ताना बर्ताव कर रहे हैं। इनके साथ हमारे रिश्ते अच्छे पड़ोसी वाले हैं। हम इन रिश्तों को जारी रखने का पक्का इरादा रखते हैं। उन्होंने बमबारी और बैलिस्टिक मिसाइलों के इस्तेमाल को लेकर कहा, ’हम जो कर रहे हैं, वह असल में आत्मरक्षा और ईरान पर अमेरिकी हमले का बदला है। अराघची ने कहा कि ईरान होर्मुज स्ट्रेट को बंद करने का कोई इरादा नहीं रखता। बकौल अराघची, ’अभी होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का कोई इरादा नहीं है। फिलहाल यहां से गुजरने वाले जहाजों को बाधित करने जैसी योजनाएं भी नहीं हैं। ईरान केवल अमेरिकी मिलिट्री के लोगों और उनकी मदद करने वाली जगहों को टारगेट कर रहा है। अमेरिकी सेना हमले कर रही है। हमारे पास खुद को बचाने के अलावा कोई रास्ता नहीं है।

बेशक हम अमेरिकी इलाके में किसी भी टारगेट को हिट नहीं कर सकते, इसलिए हमें इस इलाके में अमेरिकी बेस और पश्चिम एशिया में अमेरिका द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली जगहों पर हमले करने होंगे। शुरुआत उनके मिलिट्री बेस पर हमले से की गई है। अमेरिकी सेना मिलिट्री बेस खाली कर चुकी है। वह होटलों में छिप कर अपने लिए ह्यूमन शील्ड बना रहे हैं। हम असल में केवल मिलिट्री के लोगों और उन जगहों को ही टारगेट करने की कोशिश कर रहे हैं जो ईरान के खिलाफ उनके ऑपरेशन में अमेरिका की मदद कर रही हैं। अमेरिका और इस्राइल की तरफ से की गई भीषण बमबारी के बावजूद ईरान ने पलटवार जारी रखने की कसम खाई है। देश के राष्ट्रपति और विदेश मंत्री ने साफ किया है कि ईरान पर युद्ध थोपा गया है। बीते करीब 40 घंटे से अधिक समय की बमबारी में अब तक 215 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। ईरान के अलावा इस्राइल और आसपास के अन्य देशों को मिलाकर 1000 से अधिक लोग घायल हुए हैं। अकेले ईरान में 201 लोग जान गंवा चुके हैं, जबकि 740 से अधिक लोग घायल हुए हैं।