{"vars":{"id": "125128:4947"}}

शाइन सिटी घोटाले का मुख्य आरोपी राशिद नसीम दुबई में गिरफ्तार

ईडी-ईओडब्ल्यू के अनुरोध पर दुबई पुलिस ने पकड़ा

 

कोडीनयुक्त कफ सिरप मामले की तरह चर्चित था शाइन सिटी घोटाला

कफ सिरप कांड का मास्टरमाइंड शुभम भी दुबई भागा है, तब राशिद भी दुबई भागा था

लखनऊ। बहुचर्चित करोड़ों के शाइन सिटी घोटाले का मुख्य आरोपी राशिद नसीम दुबई में पकड़ लिया गया। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राशिद नसीम और उसकी कंपनियों के खिलाफ पुलिस करीब 554 एफआईआर दर्ज कर चुकी है। आरोप है कि निवेश के नाम पर लोगों से 800 से 1000 करोड़ रुपए की ठगी की गई है। लुभावने रिटर्न का वादा कर लोगों से पैसा वसूला गया और फिर 2019 में राशिद नसीम देश छोड़कर दुबई फरार हो गया था। ईडी-ईओडब्ल्यू के के प्रत्यर्पण के अनुरोध पर दुबई पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 

राशिद नसीम और उसकी कम्पनी से जुड़े लोगों के खिलाफ देश के विभिन्न शहरों में कई मुकदमे दर्ज हैं। इसे तत्कालीन  सरकार के स्वनामधन्य सफेदपोशों का संरक्षण प्राप्त था। इसने सफेदपोशों और नौकरशाहों के संरक्षण में आम जनता के साथ धोखाधड़ी की। जिस तरह आज कोडीनयुक्त कफ सिरप मामला चर्चा में है और सत्ता के संरक्षण के आरोप लग रहे हैं। ठीक उसी तरह साइन सिटी का मामला भी था। कफ सिरप मामले का मुख्य आरोपित शुभम जायसवाल भी इस समय दुबई भागा हुआ है। उसी तरह राशिद नसीम भी तब भाग गया था। भारत में सफेदपोशों के संरक्षण में पलनेवाले महाभष्टों का दुबई ठिकाना बन गया है। 

लखनऊ स्थित विशेष धन शोधन रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) अदालत ने पिछले साल अप्रैल में रियल एस्टेट फर्म शाइन सिटी समूह के प्रवर्तक नसीम को भगोड़ा आर्थिक अपराधी अधिनियम (एफईओए) के तहत अपराधी घोषित किया था। यह जांच धनशोधन रोकथाम के एक मामले से संबंधित है। नसीम और लखनऊ स्थित शाइन सिटी समूह की कंपनियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा दर्ज किए गए 554 मामलों का संज्ञान लेने के बाद ईडी ने इस मामले में जांच शुरू की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि धोखाधड़ी वाली रियल एस्टेट योजनाओं और 'मल्टी-लेवल मार्केटिंग' के माध्यम से उच्च मुनाफे के वादे के साथ 800-1000 करोड़ रुपये की धनराशि एकत्र की गई।