{"vars":{"id": "125128:4947"}}

पाकिस्तान के कोहाट में बड़ा आतंकी हमला: पुलिस लाइंस की मस्जिद में नमाज के वक्त फिदायीन धमाका, 16 की मौत 50 से अधिक घायल

विस्फोटकों से लदा वाहन मस्जिद के गेट से टकराया; 5 पुलिसकर्मियों और 11 नागरिकों की मौत, धमाके के बाद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

 

पेशावर / भदैनी मिरर:

पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत से एक भीषण आतंकवादी हमले की खबर सामने आई है। शुक्रवार को कोहाट जिले स्थित पुरानी पुलिस लाइंस परिसर की मस्जिद में जुमे की नमाज के दौरान हुए आत्मघाती (फिदायीन) हमले में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में 5 पुलिसकर्मी और 11 आम नागरिक शामिल हैं।

यह घटना खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से लगभग 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित कोहाट पुलिस लाइंस में घटी।

विस्फोटकों से भरा वाहन टकराया, मस्जिद की दीवार ढही

प्रांतीय पुलिस प्रमुख ज़ुल्फ़िकार हमीद और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आतंकवादियों ने बारूद और विस्फोटकों से लदा एक वाहन मस्जिद के मुख्य द्वार से टकरा दिया। टक्कर होते ही जोरदार धमाका हुआ, जिससे मस्जिद के बाहर गहरा गड्ढा बन गया और इमारत की एक पूरी दीवार ढह गई।

धमाके की तीव्रता इतनी भयानक थी कि आसपास की इमारतें दहल गईं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बम धमाके के ठीक बाद इलाके में अंधाधुंध फायरिंग की आवाजें भी सुनी गईं।

अस्पतालों में इमरजेंसी लागू, मुख्य मार्ग बंद

जिला मुख्यालय (डीएचक्यू) अस्पताल के एमएस डॉ. ताहिर अली शाह ने बताया कि घटना के तुरंत बाद 15 शवों और 50 से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया। कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका है।

घटना के बाद पूरे कोहाट क्षेत्र में सुरक्षा बल तैनात कर दिए गए हैं और एहतियातन कोहाट-हंगू मुख्य मार्ग को हर तरह के यातायात के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है। फिलहाल किसी भी आतंकवादी संगठन ने इस फिदायीन हमले की आधिकारिक जिम्मेदारी नहीं ली है।