Jensen Huang Controversy: संकट में एनवीडिया सीईओ जेंसैन हुआंग की कुर्सी? जासूसी विवाद के बीच जानिए 1958 की वो साइकोलॉजिकल थ्योरी
चीनी महिला कार्यकारी और विदेशी जासूसी ऑपरेशन के आरोपों के बीच एनवीडिया बोर्ड ने शुरू की स्वतंत्र जांच
टेक डेस्क (भदैनी मिरर): दुनिया की सबसे मूल्यवान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और सेमीकंडक्टर कंपनी एनवीडिया (Nvidia) के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) जेंसैन हुआंग (Jensen Huang) इन दिनों अपने करियर के सबसे बड़े संकट का सामना कर रहे हैं। कंपनी के बोर्ड ने उन पर लगे एक विदेशी जासूसी ऑपरेशन के दावों की स्वतंत्र जांच शुरू कर दी है।
इस विवाद के उजागर होने के बाद अमेरिकी बाजार में एनवीडिया के शेयरों में प्री-मार्केट ट्रेडिंग के दौरान 5 फीसदी की भारी गिरावट दर्ज की गई।
क्या है पूरा विवाद? (Alice Huang और Megaspeed कनेक्शन)
'द न्यूयॉर्क टाइम्स' की एक रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी खुफिया अधिकारियों ने दावा किया है कि सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी 'मेगास्पीड' (Megaspeed) की वरिष्ठ कार्यकारी एलिस हुआंग (Alice Huang) ने जेंसैन हुआंग के साथ घनिष्ठ संबंध बनाए थे। आरोप है कि वह बीजिंग के लिए जानकारी जुटाने के एक जासूसी ऑपरेशन का हिस्सा थीं। (बता दें कि दोनों का सरनेम एक होने के बावजूद वे रिश्तेदार नहीं हैं)।
इसके अलावा, मेगास्पीड कंपनी पर एनवीडिया की आधुनिक एआई चिप्स को अवैध रूप से चीन ट्रांसफर करने के आरोपों की भी जांच चल रही है।
हुआंग ने सार्वजनिक रूप से मांगी माफी
मामला सामने आने के बाद जेंसैन हुआंग ने अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगते हुए एक पत्र जारी किया। उन्होंने लिखा, "मैं बोर्ड की जांच का पूरा समर्थन और सहयोग करूंगा। मैं अपने देश और कंपनी से प्यार करता हूं और एनवीडिया की सुरक्षा व अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हूं।"
वहीं दूसरी ओर, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने इन सभी आरोपों को खारिज करते हुए इसे चीन को बदनाम करने की साजिश बताया है।
क्या है 1958 की 'इियोसिंक्रसी क्रेडिट्स' थ्योरी?
ग्लोबल टेक इंडस्ट्री में उठ रहे सवालों के बीच सामाजिक मनोवैज्ञानिक एड्विन हॉलैंडर (Edwin Hollander) की वर्ष 1958 की प्रसिद्ध थ्योरी 'इियोसिंक्रसी क्रेडिट्स' (Idiosyncrasy Credits) चर्चा में आ गई है।
-
क्या कहती है थ्योरी? इस सिद्धांत के अनुसार, जो व्यक्ति किसी संगठन या समूह में लंबे समय तक उम्मीदों पर खरा उतरता है, अभूतपूर्व नतीजे देता है और विश्वास अर्जित करता है, वह अपने खाते में 'गुडविल (साख)' का एक बड़ा रिजर्व जमा कर लेता है।
-
हुआंग का 30 सालों का ट्रैक रिकॉर्ड: 1993 में एनवीडिया की शुरुआत करने वाले जेंसैन हुआंग ने कंपनी को 4.5 ट्रिलियन डॉलर के विशालकाय मार्केट कैप तक पहुंचाया है। 30 से अधिक वर्षों में निर्मित उनकी यह मजबूत साख (क्रेडिट) बोर्ड को उन पर कोई भी कठोर निर्णय लेने से रोक सकती है—खासकर तब जब जांच में यह साबित हो जाए कि उन्हें धोखे में रखकर इस जासूसी का शिकार बनाया गया था।
एनवीडिया और ग्लोबल एआई मार्केट में जेंसैन हुआंग के कद को देखते हुए यह देखना दिलचस्प होगा कि जांच के बाद कंपनी बोर्ड क्या कदम उठाता है।