{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Jeffrey Epstein Death Mystery: खुदकुशी नहीं हत्या! पोस्टमॉर्टम में मौजूद डॉक्टर का बड़ा दावा

फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट डॉ. माइकल बाडेन बोले-एपस्टीन की गर्दन पर मिले फ्रैक्चर फांसी से मेल नहीं खाते, गला घोंटे जाने के संकेत

 

न्यूयॉर्क। अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी Jeffrey Epstein की मौत को लेकर एक बार फिर सनसनीखेज दावा सामने आया है। 2019 में न्यूयॉर्क की जेल में मृत पाए गए एपस्टीन की मौत को अब तक आत्महत्या बताया जाता रहा है, लेकिन पोस्टमॉर्टम के दौरान मौजूद फॉरेंसिक पैथोलॉजिस्ट Michael Baden का कहना है कि यह मामला खुदकुशी से ज्यादा हत्या का प्रतीत होता है।

डॉ. बाडेन ने ब्रिटिश मीडिया को दिए इंटरव्यू में कहा कि ऑटोप्सी रिपोर्ट पर गौर करने से साफ लगता है कि एपस्टीन की मौत फांसी से नहीं, बल्कि गला घोंटे जाने से हुई हो सकती है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि सच्चाई सामने लाने के लिए मामले की दोबारा गहन जांच जरूरी है।


गर्दन पर मिले ऐसे निशान, जो फांसी में नहीं होते

डॉ. बाडेन के मुताबिक, एपस्टीन की गर्दन पर कुल तीन निशान पाए गए थे- दो सामने की ओर और एक पीछे। इसके अलावा गर्दन की हड्डी तीन जगह से टूटी हुई थी। उन्होंने कहा कि अपने लंबे करियर में उन्होंने इस तरह के फ्रैक्चर फांसी के मामलों में कभी नहीं देखे।

हालांकि बाडेन ने खुद ऑटोप्सी नहीं की थी, लेकिन वह उस समय ऑब्जर्वर के तौर पर मौजूद थे। उनका कहना है कि ऑटोप्सी करने वाले दोनों मेडिकल एग्जामिनर भी इस बात पर सहमत थे कि मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए और जांच जरूरी है।

मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट पर भी सवाल

एपस्टीन की मौत के सिर्फ पांच दिन बाद ही डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया गया था। उस वक्त न्यूयॉर्क की चीफ मेडिकल एग्जामिनर Barbara Sampson ने मौत को आत्महत्या करार दिया था।
डॉ. बाडेन का दावा है कि सैंपसन पोस्टमॉर्टम के दौरान मौके पर मौजूद भी नहीं थीं, फिर भी उन्होंने इसे खुदकुशी घोषित कर दिया।


पहले भी उठा चुके हैं हत्या की आशंका

अगस्त 2019 में Fox News को दिए इंटरव्यू में भी डॉ. बाडेन ने कहा था कि यह केस आत्महत्या से ज्यादा हत्या जैसा लगता है। एपस्टीन के वकीलों ने भी मेडिकल एग्जामिनर की रिपोर्ट पर असंतोष जताया था।

जेल की लापरवाही भी आई थी सामने

2023 में United States Department of Justice की रिपोर्ट में खुलासा हुआ था कि जिस न्यूयॉर्क जेल में एपस्टीन बंद था, वहां सुरक्षा मानकों का गंभीर उल्लंघन हुआ।

रिपोर्ट के अनुसार:

  • एपस्टीन की सेल में जरूरत से ज्यादा कंबल, चादर और कपड़े मौजूद थे
  • मौत से एक दिन पहले उसके साथ बंद दूसरे कैदियों को हटा दिया गया
  • रोज होने वाला वेलनेस चेक समय पर नहीं किया गया
  • कई बार फर्जी चेकअप रिपोर्ट डाली जाती थी

अगली सुबह गार्ड्स ने बताया कि एपस्टीन की गर्दन में कपड़े का फंदा लगा हुआ था। CPR देने की कोशिश की गई और फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।