Iran-US War Live: थम सकती है जंग! ट्रंप ने 'प्रोजेक्ट फ्रीडम' पर लगाई रोक, ईरान से अंतिम समझौते की तैयारी
बड़ी पहल: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य में सैन्य ऑपरेशन को 'अल्पकाल' के लिए रोका।
वॉशिंगटन/तेहरान। मध्य पूर्व (Middle East) में जारी भीषण तनाव के बीच एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आ रही है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को खोलने के लिए चलाए जा रहे अमेरिकी सैन्य अभियान “प्रोजेक्ट फ्रीडम” को फिलहाल रोक दिया है। ट्रंप का कहना है कि ईरान के प्रतिनिधियों के साथ एक "पूर्ण और अंतिम समझौते" की दिशा में "बड़ी प्रगति" हुई है, जिसके चलते यह फैसला लिया गया है।
समझौते की उम्मीद या कूटनीतिक दांव?
राष्ट्रपति ट्रंप ने स्पष्ट किया कि यह सैन्य ऑपरेशन केवल "एक छोटी अवधि" के लिए रोका गया है, ताकि यह देखा जा सके कि तेहरान के साथ अंतिम समझौता संभव है या नहीं। दूसरी ओर, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान का रुख अब भी कड़ा बना हुआ है। उन्होंने कहा कि अमेरिका "अधिकतम दबाव की नीति" अपना रहा है और उम्मीद कर रहा है कि ईरान उनकी एकतरफा मांगों के आगे झुक जाए, जो तेहरान के लिए "असंभव" है।
यूएई और लेबनान में युद्ध के बादल
शांति वार्ताओं के दावों के बीच जमीन पर तनाव कम होता नहीं दिख रहा है। संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने दावा किया है कि उस पर लगातार दूसरे दिन ईरान की ओर से मिसाइल और ड्रोन हमले किए गए हैं। हालांकि, ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने इन हमलों में अपनी संलिप्तता से इनकार किया है।
इस बीच, ईरान ने अमेरिका पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि अमेरिकी सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य में यात्री नावों पर हमला कर पांच नागरिकों की हत्या कर दी है, जबकि अमेरिका का दावा था कि वे IRGC की तेज नावें थीं।
इजरायल का लेबनान पर हमला तेज
क्षेत्र के दूसरे मोर्चे पर, इजरायल ने दक्षिणी लेबनान में अपने हमले जारी रखे हैं। इजरायली सेना ने नए आदेश जारी कर लोगों को अपने कस्बों और गांवों को खाली करने को कहा है, जिससे एक बड़े मानवीय संकट की आशंका गहरा गई है।