हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर दागनी शुरू कर दी, इजराइल ने हिजबुल्लाह के ठिकानों पर की एयरस्ट्राइक
अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान में कर रहे लगातार हमले
बेरूत के दहियाह में इजराइल के हमले से हजारों लोग बेघर
नई दिल्ली। ईरान में सुप्रीम लीडर अली खामेनेई की मौत से बौखलाए हिजबुल्लाह ने भी इजरायल पर मिसाइल दागनी शुरू कर दी है। इसके बाद इजरायल ने लेबनान की राजधानी बेरूत तक घुसकर तबाही मचा दी। इजरायल ने बेरूत में एयर स्ट्राइक कर दी। बता दें कि अमेरिका और इजरायल मिलकर ईरान में लगातार हमले कर रहे हैं। वहीं ईरान खाड़ी देशों में अमेरिकी बेस को निशाना बना रहा है। इसी बीच हिजबुल्लाह ने भी इजरायल के खिलाफ जंग छेड़ दी। वहीं ईरान ने भी बहरीन में अमेरिकी एयरबेस पर हमला किया है। हिजबुल्लाह ने इजरायल में कई धमाके किए। अब इजरायल ने हिजबुल्लाह के सपोर्ट बेस बेरूत के दहियाह में हमला किया है। इस हमले के बाद हजारों लोग बेघर हो गए हैं। लेबनान की राजधानी बेरूत के कई स्कूलों में क्लास रोक दी गई हैं, क्योंकि स्कूलों का इस्तेमाल बेघर हुए हजारों लोगों को पनाह देने के लिए किया जा रहा है।
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने बताया कि उसने मंगलवार सुबह बहरीन के शेख ईसा इलाके में अमेरिकी एयरबेस पर बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हमले में 20 ड्रोन और तीन मिसाइलें दागी गईं। इससे बेस की मेन कमांड और हेडक्वार्टर बिल्डिंग तबाह हो गई, फ्यूल टैंक में आग लग गई। लेकिन बहरीन की तरफ से अभी तक इस हमले को लेकर कोई जवाब सामने नहीं आया है। उधर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा है कि ईरान से जंग 4-5 हफ्ते तक चल सकती है, लेकिन अमेरिका के पास इससे ज्यादा समय तक कार्रवाई करने की क्षमता है। व्हाइट हाउस में दिए बयान में ट्रम्प ने कहा कि अमेरिकी सेना अभी भी ईरान में बड़े स्तर पर सैन्य कार्रवाई कर रही है। ट्रम्प ने कहा अमेरिका ने अभी पूरी ताकत से हमला शुरू नहीं किया है। ईरान पर अभी सबसे बड़ा हमला बाकी है। अमेरिका के पास दुनिया की सबसे बड़ी सेना है और उसका इस्तेमाल किया जा रहा है। इससे पहले ईरान ने जंग के तीसरे दिन सोमवार को मिडिल-ईस्ट के 4 देशों में 6 अमेरिकी बेस पर हमला किया। कुवैत में अमेरिका के 3 फाइटर जेट क्रैश हो गए हैं। अमेरिका ने कहा कि कुवैत ने इन फाइटरजेट्स को दुश्मन का विमान समझकर निशाना बनाया। सभी अमेरिकी पायलट सुरक्षित हैं।
उधर, ईरान के टॉप नेशनल सिक्योरिटी अधिकारी अली लारीजानी ने कहा है कि ईरान अमेरिका से कोई बातचीत नहीं करेगा। यह बयान उन खबरों के जवाब में आया है, जिनमें कहा गया था कि ईरान ने अमेरिका से फिर से बातचीत शुरू करने की कोशिश की है। अल-जजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और इजराइल ने मिलकर अब तक ईरान के 1000 से ज्यादा ठिकानों पर हमले किए हैं। इस दौरान शुरुआती 30 घंटे में 2000 से ज्यादा बम गिराए गए हैं। इनमें अब तक 555 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। 28 फरवरी को शुरू हुई इस लड़ाई के पहले दिन हुई बमबारी में ईरानी सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई मारे गए थे।
इसके अलावा अमेरिकी सेंट्रल फोर्सेस के बयान के मुताबिक ईरानी हमलों में अब तक 6 अमेरिकी सैनिक मारे जा चुके हैं। हिजबुल्लाह का कहना है कि वह खुलकर ईरान का समर्थन करेगा और इस युद्ध में भी उतरेगा। बता दें कि इजरायल से हिजबुल्लाह का संघर्ष काफी समय से चल रहा है। इजरायल ने इस कट्टरपंथी संगठन की कमर तोड़कर रख दी है। युद्ध विराम के समझौते के बाद भी इजरायल आए दिन हिजबुल्लाह को निशाना बनाता था। उसके शीर्ष कमांडर इजरायली हमले में मारे गए हैं।