{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Hantavirus Outbreak: दुनिया पर हंता वायरस का साया? WHO ने 5 देशों को भेजीं इमरजेंसी किट

एंडीज वायरस ने बढ़ाई चिंता, इंसानों से इंसानों में फैलने की आशंका; डब्लूएचओ बोला- 'कोरोना जैसी महामारी का खतरा नहीं, पर रहें सतर्क'।

 

जेनेवा (भदैनी मिरर): पूरी दुनिया अभी कोविड-19 के जख्मों से उबरी ही थी कि एक नए वायरस 'हंता वायरस' (Hantavirus) ने स्वास्थ्य संगठनों की नींद उड़ा दी है। अटलांटिक महासागर में मौजूद एक क्रूज शिप MV Hondius पर इस वायरस के संक्रमण से अब तक 3 लोगों की मौत हो चुकी है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने शुक्रवार, 08 मई 2026 को एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस स्थिति पर वैश्विक अपडेट जारी किया है।

क्रूज शिप पर मिला खतरनाक 'एंडीज वायरस'

WHO के अनुसार, क्रूज शिप से जुड़े अब तक 8 संदिग्ध मामले सामने आए हैं, जिनमें से 5 में हंता वायरस की पुष्टि हो चुकी है। सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह संक्रमण 'एंडीज वायरस' (Andes Virus) प्रजाति का है। यह हंता वायरस की एक ऐसी दुर्लभ किस्म है जो सीमित रूप से इंसान से इंसान में भी फैल सकती है। हालांकि, WHO प्रमुख डॉ. टेड्रोस ने स्पष्ट किया है कि फिलहाल इसे 'वैश्विक महामारी' बनने की आशंका कम है।

5 देशों को भेजी गई डायग्नोस्टिक किट

संक्रमण के खतरे को देखते हुए WHO ने त्वरित कार्रवाई की है। अर्जेंटीना से 2500 डायग्नोस्टिक किट्स पांच प्रभावित देशों को भेजी गई हैं ताकि संदिग्ध मरीजों की पहचान तुरंत की जा सके। WHO की एक विशेषज्ञ टीम जहाज पर मौजूद यात्रियों और क्रू की मेडिकल जांच कर रही है।

क्या हैं हंता वायरस के लक्षण?

विशेषज्ञों के मुताबिक, हंता वायरस के लक्षण शुरुआत में सामान्य फ्लू जैसे ही लगते हैं, जिससे लोग इसे नजरअंदाज कर देते हैं। मुख्य लक्षणों में शामिल हैं:

  • तेज बुखार और ठंड लगना।

  • सिरदर्द और शरीर की मांसपेशियों में असहनीय दर्द।

  • गंभीर स्थिति में सीने में जकड़न और सांस लेने में भारी तकलीफ।

  • फेफड़ों में पानी भरना और किडनी फेलियर का खतरा।

कैसे फैलता है यह संक्रमण?

आमतौर पर हंता वायरस संक्रमित चूहों (Rodents) के मल, मूत्र या लार के संपर्क में आने से फैलता है। लेकिन इस बार मिला 'एंडीज वायरस' इंसानों के जरिए भी फैल सकता है, इसलिए स्वास्थ्य एजेंसियां अधिक सतर्कता बरत रही हैं।