10 साल में कैंसर और अल्जाइमर जैसी बीमारियां बन जाएंगी इतिहास! एआई दिग्गजों ने किया बड़ा दावा
दवा क्षेत्र के जानकारों की राय AI दिग्गजों से जुदा; क्लीनिकल ट्रायल और परीक्षण की लंबी प्रक्रिया को बताया सबसे बड़ी चुनौती
नई दिल्ली/टेक डेस्क (भदैनी मिरर): 'आवश्यकता आविष्कार की जननी होती है।' मनुष्य ने समय के साथ हमेशा यह साबित किया है कि वह हर बड़ी चुनौती से निपटने का रास्ता ढूंढ ही लेता है। हालांकि, कई ऐसी गंभीर बीमारियां हैं जिनके आगे आधुनिक चिकित्सा विज्ञान भी अब तक पूरी तरह जीत हासिल नहीं कर पाया है। लेकिन तकनीक की दुनिया में तेजी से उभरते आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) ने एक नई उम्मीद जगाई है। दुनिया के तमाम एआई दिग्गजों का मानना है कि आने वाले कुछ ही वर्षों में एआई कैंसर, अल्जाइमर, मानसिक रोग और हृदय जैसी गंभीर बीमारियों का हमेशा के लिए खात्मा कर सकता है।
एंथ्रोपिक के सीईओ का बड़ा दावा
चैटजीपीटी और एआई मॉडल्स की इस दौड़ में अग्रणी कंपनी एंथ्रोपिक (Anthropic) के सीईओ डारियो अमादेई (Dario Amodei) ने स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने दावा किया है कि यदि एआई का सही दिशा और तरीके से उपयोग किया जाए, तो आने वाले एक दशक (10 साल) से भी कम समय में कई घातक बीमारियां अतीत की बातें बन जाएंगी।
अमादेई के अनुसार, "अगर हम इसे सही तरीके से करें, तो हम चमत्कारों का एक ऐसा दौर ला सकते हैं, जहां इंसानियत उन समस्याओं को सुलझा सकेगी जो सदियों से अनसुलझी रही हैं। एक दशक से भी कम समय में कैंसर, अल्जाइमर, हृदय रोग और मानसिक बीमारियां इतिहास बन जाएंगी।"
एलन मस्क और गूगल एआई प्रमुख की भी बड़ी उम्मीदें
अमरता और बेहतर स्वास्थ्य की चाहत इंसानी इतिहास की सबसे पुरानी ख्वाहिश रही है। आज एआई के इस दौर में तकनीक के महारथी इसे चिकित्सा अनुसंधान का सबसे बड़ा हथियार मान रहे हैं:
-
एलन मस्क (Elon Musk): दुनिया के दिग्गज उद्यमी एलन मस्क का भी मानना है कि चिकित्सा के क्षेत्र में एआई के प्रयोग से पूरी मानवता को अत्याधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।
-
डेमिस हसाबीस (Demis Hassabis): गूगल एआई प्रमुख हसाबीस का सुझाव है कि एआई दवाओं की खोज में लगने वाले एक दशक के लंबे समय को घटाकर कुछ हफ्तों में बदल सकता है। उन्होंने 'अल्फाफोल्ड' (AlphaFold) जैसी क्रांतिकारी उपलब्धि का जिक्र किया, जिसने 20 करोड़ से अधिक प्रोटीन संरचनाओं को मैप किया है। यह इस बात का सबूत है कि एआई जैविक अनुसंधान की रफ्तार को कई गुना बढ़ा सकता है।
फार्मा सेक्टर के विशेषज्ञों की राय अलग
भले ही टेक इंडस्ट्री के दिग्गज एआई को लेकर बेहद उत्साहित नजर आ रहे हैं, लेकिन फार्मास्यूटिकल्स और दवा निर्माण क्षेत्र के विशेषज्ञों की राय इससे थोड़ी अलग और व्यावहारिक है।
वर्टेक्स फार्मास्यूटिकल्स (Vertex Pharmaceuticals) के कार्यकारी अध्यक्ष जेफ लेडेन ने इन दावों और समय-सीमाओं को लेकर अपनी बात रखते हुए कहा कि भले ही एआई नई दवाओं के कंपाउंड खोजने में मदद कर सकता है, लेकिन इसके बाद इंसानी शरीर पर इसके प्रभाव का परीक्षण करने में वर्षों का समय लगता है। एक दवा या वैक्सीन के विकास में जानवरों से लेकर इंसानों पर क्लीनिकल ट्रायल के कई चरण होते हैं, जो अपने आप में एक लंबी और जटिल प्रक्रिया है।
जानकारों का मानना है कि भले ही एआई तुरंत चुटकियों में सारी बीमारियों का इलाज नहीं ढूंढ सकता, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं है कि भविष्य में यह चिकित्सा विज्ञान के लिए एक बड़ा वरदान साबित होगा और इंसान को लाइलाज बीमारियों से मुक्ति दिलाने में अहम भूमिका निभाएगा।