बांग्लादेश ने किया टी-20 विश्व कप का बहिष्कार, खिलाड़ियों की सुरक्षा को बताया कारण
ICC ने खारिज कर दी थी टी-20 वर्ल्ड कप मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग
बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को लेकर शुरू हुआ था विवाद
नई दिल्ली। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 22 जनवरी को हुई बैठक में े फैसला लिया कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम आगामी टी-20 विश्व कप 2026 में नहीं हिस्सा लेगी। यह फैसला उसके बाद लिया गया, जब आईसीसी ने बांग्लादेश के उस रिक्वेस्ट को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने अपने टी-20 वर्ल्ड कप मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट करने की मांग की थी। आईसीसी से राहत न मिलने के बाद, बीसीबी ने बांग्लादेश सरकार के साथ एक बार फिर बातचीत करने के लिए और समय मांगा। लेकिन फिर भी बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड अपने फैसले पर अड़ा रहा। अब बांग्लादेश के टी-20 विश्व कप के बहिष्कार के बाद आईसीसी वर्ल्ड कप में उनकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल कर सकता है। आपको बता दें कि यह मामला तब बढ़ा जब बांग्लादेश के तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को आईपीएल 2026 से पहले बीसीसीआई के आदेश पर केकेआर ने अपनी टीम से रिलीज किया। यह फैसला बीसीसीआई ने बांग्लादेश में हिंदुओं की हत्या के कारण लिया था। इससे बौखलाई बांग्लादेश सरकार ने अपने यहां आईपीएल मैचों के प्रसारण पर रोक लगा दी।
उधर, बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी घोषणा कर दी है। उन्होंने कहाकि हम सभी विश्व कप खेलना चाहते हैं। भारत में हमारे खिलाड़ियों और दल की सुरक्षा का मुद्दा अभी भी बना हुआ है। इसकी शुरुआत एक खिलाड़ी को उनके टीम से निकाले जाने से हुई थी। आईसीसी भले कहे कि सुरक्षा को लेकर कोई चिंता नहीं है, लेकिन हमारे खिलाड़ी को उनके टूर्नामेंट से निकाल दिया गया है। अगर मुस्तफिजुर रहमान को सुरक्षा नहीं दी जा सकती, तो हम कैसे मान लें कि आईसीसी सुरक्षा देगी।
उन्होंने यह भी कहाकि खिलाड़ियों से हमारी बात निजी है। लेकिन खिलाड़ियों ने हमें जो कुछ भी बताया वह मैं किसी को नहीं बताऊंगा। हमारी बैठक का उद्देश्य उनकी इच्छा जानना था और मैं अपने खिलाड़ियों को जोखिम में नहीं डालना चाहता हूं। गौरतलब है कि बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने 2026 टी-20 वर्ल्ड कप के अपने मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट करने का अनुरोध किया था। लेकिन बोर्ड की मीटिंग में इस मांग को खारिज करते हुए बीसीबी को एक दिन की मोहलत दी गई थी। इसके बाद उनकी जगह किसी दूसरी टीम को वर्ल्ड कप में शामिल करने की बात कही गई। अब बांग्लादेश ने खुद 2026 टी-20 वर्ल्ड कप न खेलने का फैसला लिया है तो उनकी जगह आईसीसी स्कॉटलैंड को विश्व कप में शामिल कर सकती है।