'रामायण' के 39 साल बाद फिर साथ दिखेंगे अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया, OTT फिल्म 'नोटिस' में बने पति-पत्नी
6 नवंबर को OTT प्लेटफॉर्म Waves पर रिलीज होगी फिल्म; नितेश तिवारी की 'रामायण' से पहले दर्शक देखेंगे राम-सीता की आइकॉनिक जोड़ी का नया अवतार
मुंबई (भदैनी मिरर)। रामानंद सागर के पौराणिक धारावाहिक 'रामायण' में भगवान श्री राम और माता सीता की भूमिका निभाकर देश-दुनिया में घर-घर लोकप्रिय हुए अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक बार फिर स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं। लगभग 39 साल के लंबे अंतराल के बाद यह आइकॉनिक जोड़ी किसी रियलिटी शो या टीवी धारावाहिक में नहीं, बल्कि एक नई फिल्म 'नोटिस' (Notice) में मुख्य भूमिका निभाती नजर आएगी। इस फिल्म में दोनों एक बार फिर पति-पत्नी के रूप में दर्शकों का दिल जीतेंगे।
भ्रष्ट सिस्टम के खिलाफ आम आदमी की न्याय की लड़ाई है 'नोटिस'
निर्माता-अभिनेता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी की फिल्म 'नोटिस' की कहानी एक आम इंसान के संघर्ष पर आधारित है। फिल्म में अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया एक ऐसे दंपत्ति का किरदार निभा रहे हैं, जो विकास कार्यों के नाम पर अपनी सालों पुरानी दुकान खो देते हैं।
इसके बाद अरुण गोविल का किरदार अपनी दुकान को बचाने और अपने अधिकारों के लिए एक भ्रष्ट सरकारी तंत्र और सिस्टम के खिलाफ कानूनी व नैतिक लड़ाई लड़ता है। वहीं, दीपिका चिखलिया उनकी पत्नी की भूमिका में हर कठिन परिस्थिति में अपने पति के साथ ढाल बनकर खड़ी रहती हैं।
सिनेमाघरों के बजाय OTT प्लेटफॉर्म 'Waves' पर होगी रिलीज
फैंस के लिए खास बात यह है कि यह फिल्म सिनेमाघरों के बजाय सीधे ओटीटी पर दस्तक देगी। फिल्म का प्रीमियर 6 नवंबर को ओटीटी प्लेटफॉर्म 'वेव्स' (Waves) पर होगा, जिसके बाद इसे टेलीविजन पर भी प्रसारित किया जाएगा। 'रामायण- पार्ट 1' के रिलीज होने से ठीक पहले इस फिल्म का आना अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया के प्रशंसकों के लिए एक बड़ा सरप्राइज माना जा रहा है।
नितेश तिवारी की 'रामायण' में राजा दशरथ बनेंगे अरुण गोविल
एक तरफ जहां अरुण गोविल फिल्म 'नोटिस' को लेकर चर्चा में हैं, वहीं दूसरी तरफ वे नितेश तिवारी के बड़े बजट के ड्रीम प्रोजेक्ट 'रामायण' को लेकर भी सुर्खियों में बने हुए हैं। इस नई बहुचर्चित फिल्म में वे राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे हैं।
हाल ही में मेकर्स द्वारा जारी किए गए पोस्टर में रणबीर कपूर (श्रीराम के रूप में) राजा दशरथ बने अरुण गोविल के सामने नमन करते हुए दिखाई दिए थे। दो भागों में बन रही इस भव्य फिल्म का पहला भाग दिवाली 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।