{"vars":{"id": "125128:4947"}}

लॉस एंजेल्स में भूकंप के 40 झटके; तीव्रता 5.0 रही, ठप रहा एयरपोर्ट संचालन

मैनहट्टन बीच के पास 7.6 मील गहराई में था भूकंप का केंद्र; प्रशासन ने आफ्टरशॉक्स को लेकर जारी की चेतावनी

 

लॉस एंजेल्स: अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित लॉस एंजेल्स में भूकंप के तेज झटकों ने लोगों को दहशत में डाल दिया। यहां 5.0 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया, जिसके बाद इलाके में कम से कम 40 झटके महसूस किए गए। भूकंप के असर से लॉस एंजेल्स एयरपोर्ट पर विमानों का संचालन कई घंटों तक ठप रहा। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मैनहट्टन बीच के समीप और करीब 7.6 मील की गहराई में था।

एयरपोर्ट पर उड़ाने बाधित, रोज बाउल स्टेडियम में हिला प्रेस बॉक्स

प्रत्यक्षदर्शियों के हवाले से सामने आया है कि झटकों के दौरान एयरपोर्ट पर खिड़कियां टूटने जैसी घटनाएं हुईं और विमानों की आवाजाही कई घंटे तक प्रभावित रही। इसी दौरान आए एक झटके से पासाडेना स्थित ऐतिहासिक रोज बाउल स्टेडियम का प्रेस बॉक्स भी हिलने लगा। यह भूकंप यूनिवर्सिटी ऑफ सदर्न कैलिफोर्निया (USC) और यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, लॉस एंजिलिस (UCLA) के बीच होने वाले फुटबॉल मुकाबले से ठीक पहले आया।

आफ्टरशॉक्स को लेकर प्रशासन की चेतावनी

स्थिति को देखते हुए मैनहट्टन बीच प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों को सतर्क रहने के लिए कहा है। प्रशासन के मुताबिक, मुख्य झटके के बाद भी आफ्टरशॉक्स आ सकते हैं, जो कुछ मिनटों, घंटों या कई बार कुछ दिनों के अंतराल पर महसूस हो सकते हैं, इसलिए लोगों को एहतियात बरतने की जरूरत है।