World Diabetes Day 2026: विश्व डायबिटीज दिवस पर एपेक्स में विशेष जागरूकता कार्यक्रम, 689 लोगों ने कराई निःशुल्क ब्लड शुगर जांच
"Early Action on Diabetes" थीम के तहत विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हृदय, किडनी, मस्तिष्क और आंखों पर मधुमेह के दुष्प्रभावों से बचने के दिए महत्वपूर्ण टिप्स।
भदैनी मिरर हेल्थ डेस्क, वाराणसी। विश्व डायबिटीज दिवस (World Diabetes Day) के अवसर पर शनिवार को वाराणसी स्थित एपेक्स संस्थान में एक व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम एवं निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम "Early Action on Diabetes" के अंतर्गत एपेक्स ग्रुप के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के संरक्षण में एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एवं पीजीआई, एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग तथा एपेक्स एलाइड हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट के संयुक्त तत्वावधान में यह पहल की गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मधुमेह की समय पर पहचान, रोकथाम, प्रभावी उपचार तथा शरीर के विभिन्न महत्वपूर्ण अंगों—जैसे हृदय, किडनी, मस्तिष्क और आंखों—पर पड़ने वाले इसके गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
विशेषज्ञ डॉक्टरों ने साझा किए बचाव के अहम सूत्र
जागरूकता सत्र की शुरुआत मेडिकल सर्जिकल नर्सिंग फैकल्टी प्रो. शरथ चंद्रन द्वारा विश्व डायबिटीज दिवस की थीम प्रस्तुत करने के साथ हुई। इसके बाद विशेषज्ञों की श्रृंखला में विभिन्न विभागों के डॉक्टरों ने महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं:
-
मोटापा और तनाव बड़ा खतरा (डॉ. रोहित सिंह): मधुमेह विशेषज्ञ एवं फिजीशियन डॉ. रोहित सिंह ने डायबिटीज से जुड़ी नवीनतम जानकारी देते हुए मोटापे और मानसिक तनाव को मधुमेह के उभरते हुए प्रमुख जोखिम कारक बताया।
-
हृदय रोगों का खतरा (डॉ. अकदस मुमताज): कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. अकदस मुमताज ने मधुमेह और हृदय रोगों के बीच के गहरे संबंध को समझाते हुए दिल से जुड़ी जटिलताओं से बचने के उपाय बताए।
-
किडनी की सुरक्षा (डॉ. निवेदिता पंडित): नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित ने डायबिटीज के कारण किडनी पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों पर प्रकाश डाला और नियमित जांच तथा सावधानियों के जरिए किडनी को सुरक्षित रखने के टिप्स दिए।
-
संतुलित आहार की भूमिका (अन्वेशा मजूमदार): डायटीशियन अन्वेशा मजूमदार ने मधुमेह की रोकथाम और नियंत्रण में संतुलित पोषण और उचित खानपान की अहम भूमिका को विस्तार से समझाया।
-
सर्जरी व आईसीयू में सावधानी (आयुषी सिंह): एलाइड हेल्थकेयर फैकल्टी आयुषी सिंह ने डायबिटीज के मरीजों में ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया संबंधी विशेष सावधानियों, ब्लड शुगर मॉनिटरिंग और क्रिटिकल केयर आईसीयू प्रबंधन के महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी।
689 लोगों ने उठाया निःशुल्क ब्लड शुगर जांच का लाभ
इस अवसर पर अस्पताल के सभी ओपीडी प्रतीक्षा क्षेत्रों में मरीजों, तीमारदारों, वरिष्ठ नागरिकों, नर्सिंग व हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स सहित आम जनता के लिए निःशुल्क ब्लड शुगर परीक्षण अभियान चलाया गया। इस अभियान में उत्साह दिखाते हुए कुल 689 लोगों ने निःशुल्क जांच कराकर अपने रक्त शर्करा स्तर की जानकारी प्राप्त की और विशेषज्ञों से परामर्श लिया।