{"vars":{"id": "125128:4947"}}

World Cancer Day 2026: हर मरीज की अलग जरूरत, इलाज के साथ इमोशनल सपोर्ट की भी जरूरत 
 

थीम पर उपकार कैंसर इंस्टिट्यूट वाराणसी में होलिस्टिक ट्रीटमेंट, बोले डॉ स्वप्निल पटेल

 

वाराणसी,भदैनी मिरर |  हर साल 4 फरवरी को मनाए जाने वाले विश्व कैंसर दिवस (World Cancer Day) की इस बार की थीम “United by Unique” है, जिसका मुख्य उद्देश्य यह बताना है कि हर कैंसर मरीज और उसके परिवार की जरूरतें अलग होती हैं और इलाज भी उसी अनुसार होना चाहिए।

इस मौके पर वाराणसी के नेवादा सुंदरपुर स्थित उपकार कैंसर इंस्टिट्यूट के कैंसर विशेषज्ञ डॉ स्वप्निल पटेल ने कहा कि कैंसर का इलाज केवल दवा या सर्जरी तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि मरीज की सामाजिक, आर्थिक और मानसिक स्थिति को समझते हुए समग्र उपचार जरूरी है।

डॉ पटेल ने बताया कि जब भी किसी मरीज का इलाज शुरू किया जाता है, तो सबसे पहले उसकी शारीरिक स्थिति के साथ-साथ यह भी जाना जाता है कि मरीज को परिवार या समाज से कितना सहयोग मिल सकता है। साथ ही उसकी आर्थिक स्थिति, रोजी-रोटी का स्रोत और भविष्य की जरूरतों का भी आकलन किया जाता है।

उन्होंने कहा, “हम कोशिश करते हैं कि ऐसा ट्रीटमेंट प्लान बनाया जाए जिससे मरीज की जिंदगी भी आगे बढ़ती रहे और उसकी आर्थिक स्थिति भी पूरी तरह प्रभावित न हो।”

डॉ स्वप्निल पटेल के अनुसार कई बार कैंसर का नाम सुनते ही मरीज और उसके परिवार मानसिक रूप से टूट जाते हैं। ऐसे में इमोशनल सपोर्ट बेहद जरूरी हो जाता है। इसलिए इलाज के दौरान मरीज और परिवार को बीमारी की स्थिति, संभावित परिणाम और आगे की रणनीति के बारे में स्पष्ट जानकारी दी जाती है, ताकि वे अपनी क्षमता के अनुसार इलाज जारी रख सकें।

उपकार हॉस्पिटल में होलिस्टिक केयर मॉडल अपनाया जाता है, जहां एक ही छत के नीचे फिजियोथैरेपी, न्यूट्रिशन रिहैबिलिटेशन, वोकेशनल सपोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

डॉ पटेल ने बताया कि उनका लक्ष्य केवल कैंसर का इलाज करना नहीं, बल्कि मरीज को उस स्थिति तक पहुंचाना है जहां वह ट्रीटमेंट के बाद फिर से सामान्य जीवन में लौट सके और आत्मनिर्भर बन पाए।

उन्होंने कहा कि “United by Unique” थीम हमें यह सिखाती है कि हर मरीज की कहानी अलग होती है, इसलिए इलाज भी व्यक्तिगत होना चाहिए — यही आधुनिक कैंसर केयर की दिशा है।