वाराणसी: CDO की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स बैठक, 5 लाख से अधिक बच्चों को दी जाएगी पोलियो की खुराक
14 दिसंबर से शुरू हो रहा पल्स पोलियो अभियान, बूथ दिवस पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उद्घाटन, सभी बच्चों को सुनिश्चित रूप से पोलियो की खुराक दिलाने का होगा प्रयास
वाराणसी, भदैनी मिरर। मुख्य विकास अधिकारी (CDO) प्रखर कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को विकास भवन सभागार में जिला टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य पल्स पोलियो अभियान 2025 की तैयारियों का समन्वय और समीक्षा करना था।
जनपद में इस साल 14 दिसंबर से विशेष पल्स पोलियो अभियान की शुरुआत की जा रही है, जिसमें 5 वर्ष तक के कुल 5,27,562 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। CDO ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि लक्षित बच्चों को शत-प्रतिशत पोलियो खुराक पिलाना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि अभियान में शामिल कर्मियों को पहले ही प्रशिक्षित किया गया है। बीमार या प्रतिरोधी परिवारों के बच्चों की पहचान कर उन्हें भी पोलियो की खुराक दी जाएगी। CDO ने कहा कि अभियान में किसी भी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पल्स पोलियो अभियान की अहमियत इस बात से और बढ़ जाती है कि पड़ोसी देशों पाकिस्तान में 30 और अफगानिस्तान में 9 पोलियो के मामले इस वर्ष सामने आ चुके हैं। वाराणसी तीर्थ स्थल होने के कारण यहां आवागमन अधिक है, जिससे पोलियो के प्रसार की संभावना बढ़ जाती है।
CDO ने बताया कि 14 दिसंबर को बूथ दिवस के अवसर पर सभी विद्यालय खुले रहेंगे और बच्चों की बुलावा टोली बनाकर अधिक से अधिक बच्चों को प्रतिरक्षित करने का प्रयास किया जाएगा। इस दौरान सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी संचालन में रहेंगे। बूथों का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने जनसमुदाय से अपील की है कि अपने 5 वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलवाएं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि अभियान छह दिन तक चलेगा, जिसमें 1811 बूथों पर पोलियो की खुराक दी जाएगी। घर-घर जाने के लिए 1265 टीमें और 36 ट्रांजिट टीमें बनाई गई हैं। बूथ दिवस के बाद पोलियों खुराक से वंचित बच्चों को 15 दिसंबर से घर-घर जाकर खुराक दी जाएगी, और अंतिम मौका 22 दिसंबर को होगा।
बैठक का संचालन जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं WHО SMO डॉ. अरुणा एस वेणु ने किया। बैठक में जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एस.एस. कनौजिया, यूनिसेफ के डीएमसी आदित्य जयसवाल, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, JSI, DC, CSO और UNDP से BCCL रीना सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
CDO ने अंत में सभी अधिकारियों और जनसमुदाय से सतर्कता बनाए रखने और अपने बच्चों को पोलियो की खुराक पिलवाने की अपील की।