वाराणसी: एपेक्स हॉस्पिटल में विश्व ओरल हेल्थ डे पर 118 लोगों की मुफ्त जांच, दांतों की देखभाल को लेकर किया जागरूक
निःशुल्क ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप में मरीजों, छात्रों और स्टाफ का परीक्षण; विशेषज्ञों ने दी जरूरी सलाह
वाराणसी। विश्व ओरल हेल्थ डे के अवसर पर एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल में निःशुल्क ओरल हेल्थ स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया। चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह के संरक्षता में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य लोगों को दांतों और मसूड़ों की सही देखभाल के प्रति जागरूक करना था।
कैंप के दौरान कुल 118 लोगों का निःशुल्क परीक्षण किया गया, जिनमें मरीज, उनके परिचारक, एपेक्स के फिजियो और पैरामेडिकल संस्थानों के छात्र-छात्राएं, फैकल्टी और अस्पताल के स्टाफ शामिल रहे।
दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रान्या गर्ग ने उपस्थित लोगों को मौखिक स्वच्छता के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने सही ब्रशिंग तकनीक, नियमित दांतों की जांच और संतुलित खान-पान की भूमिका पर जोर दिया।
डॉ. गर्ग ने बताया कि दांतों की अनदेखी करने से कैविटी, मसूड़ों की बीमारी और यहां तक कि गंभीर बीमारियां जैसे ओरल कैंसर भी हो सकती हैं। इसलिए समय-समय पर जांच और उचित देखभाल बेहद जरूरी है।
अस्पताल प्रशासन ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समाज के लिए बेहद आवश्यक हैं और भविष्य में भी ऐसे निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे।
शिविर के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और समय रहते उपचार कराने का संदेश दिया गया।