Varanasi News: एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग में गूंजी नाइटइंगेल शपथ, लैम्प लाइटिंग समारोह में नर्सिंग छात्र-छात्राओं ने ली सेवा की प्रतिज्ञा
पद्मश्री मंगला कपूर की मौजूदगी में 18वां लैम्प लाइटिंग समारोह संपन्न; मेधावी छात्रों और उत्कृष्ट फैकल्टी को 'एपेक्स फाउंडर्स अवार्ड' से किया गया सम्मानित।
वाराणसी, भदैनी मिरर: एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल एंड पीजीआई द्वारा संचालित एपेक्स कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शनिवार को '18वां लैम्प लाइटिंग एवं शपथ ग्रहण समारोह' हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामयी कार्यक्रम में बीएससी नर्सिंग के 17वें, जीएनएम के 18वें और एएनएम के 12वें बैच के नवागंतुक छात्र-छात्राओं ने अपने पेशे के प्रति पूर्ण निष्ठा और सेवा भाव की 'नाइटइंगेल शपथ' ली।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ भव्य शुभारंभ
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री मंगला कपूर, सम्मानित अतिथि पूर्व निदेशक आईआईटी-बीएचयू प्रो. एस.एन. उपाध्याय, आरएसएस काशी प्रांत सेवा-प्रमुख रवि जी, विशिष्ट अतिथि प्रो. आभा सक्सेना (डीन, अग्रसेन पीजी कॉलेज) और एपेक्स के चेयरमैन डॉ. एस.के. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान नर्सिंग फैकल्टी द्वारा छात्रों को 'लाइट ऑफर' की गई, जो ज्ञान और सेवा के प्रकाश का प्रतीक है।
नर्सिंग सेवा के ग्लोबल विकास पर जोर
समारोह को संबोधित करते हुए गणमान्य अतिथियों ने नव-प्रवेशित छात्रों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। वक्ताओं ने समाज के प्रति नर्सिंग सेवा के महत्व और वैश्विक स्तर पर इसके विकास पर चर्चा की। साथ ही, एपेक्स द्वारा पोस्ट ग्रेजुएट स्तर तक प्रदान की जा रही उच्च गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग ट्रेनिंग और आधुनिक सुविधाओं की सराहना की गई।
उत्कृष्टता के लिए 'एपेक्स फाउंडर्स अवार्ड'
एपेक्स के चेयरमैन डॉ. एस.के. सिंह ने छात्रों को आशीर्वाद देते हुए संस्थान की उत्कृष्ट फैकल्टी और सपोर्ट स्टाफ को 'एपेक्स फाउंडर्स अवार्ड' के तहत नकद पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा, पिछले वर्ष आयोजित खेलकूद, डिबेट और सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित मेधावी छात्रों को ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
इनकी रही प्रमुख उपस्थिति
कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल, डॉ. अंकिता पटेल, प्रिंसिपल प्रो. डॉ. आर. जोहँसी रानी और उप-प्रधानाचार्य प्रो. गीताबाबू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन प्रो. गौरव सिंह द्वारा किया गया। समारोह के अंत में छात्र-छात्राओं के चेहरे पर अपने नए सफर को लेकर उत्साह और सेवा का संकल्प साफ दिखाई दिया।