Varanasi: एपेक्स हॉस्पिटल में 'हाई रिस्क' किडनी ट्रांसप्लांट सफल, 53 वर्षीय मां ने बेटे को दी नई जिंदगी
गंभीर दिल की बीमारी के कारण अन्य अस्पतालों ने खड़े कर दिए थे हाथ; डॉ. निवेदिता, डॉ. पुनीत और डॉ. अभिषेक की टीम ने कर दिखाया चमत्कार।
वाराणसी। चिकित्सा जगत में वाराणसी के एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल ने एक बार फिर अपनी विशेषज्ञता का लोहा मनवाया है। अस्पताल के डॉक्टरों की टीम ने एक अत्यंत जटिल और उच्च जोखिम (High Risk) वाले किडनी ट्रांसप्लांट को सफलतापूर्वक संपन्न कर एक युवक को नया जीवन दिया है। इस सफल ऑपरेशन के पीछे 7 बच्चों की एक 53 वर्षीय मां का सर्वोच्च त्याग और डॉक्टरों का बेजोड़ तालमेल रहा, जिन्होंने नामुमकिन को भी मुमकिन बना दिया।
दूसरे अस्पतालों ने मना किया, एपेक्स ने स्वीकार की चुनौती
जानकारी के मुताबिक, किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहा 31 वर्षीय युवक हृदय रोग (गंभीर कार्डियक स्थिति), कम पंपिंग क्षमता और गंभीर पल्मोनरी आर्टेरियल हाइपरटेंशन जैसी जानलेवा जटिलताओं से भी ग्रस्त था। उसकी खराब शारीरिक स्थिति को देखते हुए देश के कई अन्य बड़े चिकित्सा संस्थानों ने प्रत्यारोपण (Transplant) करने से साफ इनकार कर दिया था। ऐसे निराशाजनक समय में एपेक्स हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने इस चुनौती को स्वीकार किया।
डॉक्टरों की टीम ने पेश की मिसाल
इस बेहद जटिल ट्रांसप्लांट को सफल बनाने में एपेक्स की विख्यात मेडिकल टीम का बड़ा योगदान रहा।
-
नेफ़रोलॉजिस्ट डॉ. निवेदिता पंडित, यूरोलॉजिस्ट डॉ. पुनीत कुमार और एनेस्थीसियोलॉजिस्ट डॉ. अभिषेक सिंह के नेतृत्व में ट्रांसप्लांट टीम ने हर स्तर पर बारीकी से काम किया।
-
इसके साथ ही, नर्सिंग सुपरिन्टेंडेंट आनंद के नेतृत्व में मरीजों को विश्वस्तरीय और गुणवत्तापूर्ण पोस्ट-ऑपरेटिव केयर (नर्सिंग देखभाल) दी गई, जिससे ऑपरेशन के बाद का समय पूरी तरह सुरक्षित रहा।
डॉक्टरों ने बताया कि ऑपरेशन के तीसरे दिन ही मरीज का किडनी फंक्शन पूरी तरह सामान्य हो गया। वहीं, किडनी दान करने वाली बहादुर मां भी नेफरेक्टोमी के तीसरे दिन पूरी तरह स्वस्थ होकर अस्पताल से डिस्चार्ज हो गईं।
मां का त्याग और टीमवर्क की अद्भुत मिसाल: प्रो. डॉ. एसके सिंह
इस बड़ी कामयाबी पर एपेक्स हॉस्पिटल के चेयरमैन प्रो. डॉ. एसके सिंह ने पूरी ट्रांसप्लांट टीम की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा:
"यह ऐतिहासिक उपलब्धि पिछले 40 वर्षों से एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल पर मरीजों के अटूट विश्वास, एक मां के असीम त्याग, हमारी उच्च चिकित्सा विशेषज्ञता और शानदार टीमवर्क का एक जीवंत व प्रेरणादायक उदाहरण है। हमारी टीम मरीजों को नया जीवन देने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।"