Varanasi:26 जरूरतमंदों की होगी 10 लाख तक की निःशुल्क स्पाइन सर्जरी
विश्व रिकॉर्ड होल्डर डॉ. स्वरूप पटेल की पहल; 2, 3 और 4 अक्टूबर को होगा मुफ्त ऑपरेशन, जानिए चयन प्रक्रिया और पंजीकरण का तरीका।
भदैनी मिरर (डिजिटल डेस्क), वाराणसी: रीढ़ की हड्डी (स्पाइन) की गंभीर बीमारियों और असहनीय दर्द से जूझ रहे मरीजों के लिए एक बहुत बड़ी और राहत भरी खबर है। वाराणसी स्थित एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट (PGI) द्वारा आगामी 2, 3 और 4 अक्टूबर 2026 को "निःशुल्क स्पाइन सर्जरी अभियान" का आयोजन किया जा रहा है।
इस मानवीय अभियान के तहत 26 अत्यंत जरूरतमंद मरीजों का चयन कर उनकी 4 से 10 लाख रुपये मूल्य तक की जटिल स्पाइन सर्जरी और संपूर्ण इलाज पूरी तरह से मुफ्त किया जाएगा।
भर्ती से लेकर डिस्चार्ज तक का पूरा खर्च उठाएगा अस्पताल
एपेक्स अस्पताल के डायरेक्टर और विश्व व एशिया रिकॉर्ड होल्डर रोबोटिक, स्पाइन व जॉइंट रिप्लेसमेंट सर्जन डॉ. स्वरूप पटेल ने बताया कि चयनित मरीजों के भर्ती होने से लेकर डिस्चार्ज होने तक का पूरा खर्च अस्पताल प्रशासन वहन करेगा। इसमें ऑपरेशन, महंगे सर्जिकल इम्प्लांट, आईसीयू, वार्ड, एनेस्थीसिया, नर्सिंग और दवाइयों का संपूर्ण खर्च शामिल है। मरीज या उनके परिजनों से किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
कैसे संभव है लाखों की महंगी सर्जरी का मुफ्त इलाज?
डॉ. स्वरूप पटेल ने बताया कि एपेक्स हॉस्पिटल में प्रतिवर्ष 500 से अधिक जटिल स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक की जाती हैं। सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) और मेडिकल कोलैबोरेशन के तहत कई प्रमुख चिकित्सा कंपनियां सर्जरी में इस्तेमाल होने वाले महंगे इम्प्लांट्स और सर्जिकल उपकरण रियायती दरों या निःशुल्क उपलब्ध कराती हैं। इसी सहयोग के बल पर एपेक्स हॉस्पिटल अपनी अत्याधुनिक मशीनें, विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम और ओटी की सेवाएं निःशुल्क प्रदान कर रहा है।
कैसे होगा मरीजों का चयन? (चयन प्रक्रिया व तिथियां)
अभियान के तहत 26 मरीजों का चयन पूरी तरह से पारदर्शी और चिकित्सकीय मानकों के आधार पर एक निष्पक्ष एक्सपर्ट पैनल द्वारा किया जाएगा:
-
निःशुल्क स्क्रीनिंग कैंप: आगामी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त 2026) और शिक्षक दिवस (5 सितंबर 2026) के अवसर पर एपेक्स हॉस्पिटल में विशेष स्क्रीनिंग शिविर लगाए जाएंगे, जहां विशेषज्ञ स्पाइन सर्जनों द्वारा मरीजों का मुफ्त परामर्श और जांच की जाएगी।
-
जांच एवं मूल्यांकन: डॉक्टर द्वारा सर्जरी अनिवार्य पाए जाने पर आवश्यक मेडिकल जांचें (MRI, एक्स-रे आदि) कराई जाएंगी।
-
अंतिम चयन: जांच रिपोर्ट और सामाजिक पात्रता के आधार पर मेडिकल टीम अंतिम 26 मरीजों का चयन करेगी।
-
सहमति और पंजीकरण: चयनित मरीजों और परिजनों को पूरी प्रक्रिया, संभावित लाभ व जोखिम समझाकर लिखित सहमति के बाद मुफ्त रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।
ऐसे कराएं अपना या मरीज का पंजीकरण
यदि आपके आसपास या संपर्क में कोई ऐसा जरूरतमंद मरीज है जो आर्थिक तंगी के कारण रीढ़ की हड्डी का इलाज या सर्जरी नहीं करा पा रहा है, तो आप नीचे दिए गए नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
-
समन्वयक: संजीव शर्मा
-
पंजीकरण व संपर्क सूत्र: 9628614614
-
स्थान: एपेक्स सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल एवं पोस्ट ग्रेजुएट इंस्टीट्यूट, वाराणसी।