एपेक्स फिजियोथेरेपी कॉलेज में विदाई समारोह “प्रस्थानम्” का भावपूर्ण आयोजन, सीनियर छात्रों को दी गई विदाई
MPT, BPT और डिप्लोमा बैच के सीनियर छात्र-छात्राओं के सम्मान में सजे सांस्कृतिक रंग; बीएचयू के डॉ. संकल्प झा समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
वाराणसी (भदैनी मिरर डेस्क): एपेक्स हॉस्पिटल द्वारा संचालित प्रतिष्ठित एपेक्स फिजियोथेरेपी कॉलेज में सीनियर छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक बेहद भावपूर्ण और प्रेरणादायक विदाई समारोह “प्रस्थानम्” का आयोजन किया गया। यह विदाई समारोह तीसरे एमपीटी (MPT), 7वें बीपीटी (BPT) और 20वें डिप्लोमा बैच के वरिष्ठ विद्यार्थियों की यादों और उनके कॉलेज के सफर को समर्पित रहा।
यह गरिमामयी कार्यक्रम एपेक्स के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह की गरिमामयी संरक्षता में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों और एपेक्स प्रबंधन द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।
समारोह में जुटे शिक्षा, खेल और चिकित्सा जगत के दिग्गज
विदाई समारोह में बतौर मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय फिजियोलॉजिस्ट एवं स्पोर्ट्स एंड एक्सरसाइज मेडिसिन विशेषज्ञ (बीएचयू वाराणसी के असिस्टेंट प्रोफेसर) डॉ. संकल्प झा मौजूद रहे।
उनके साथ विशिष्ट अतिथियों के रूप में:
-
डॉ. श्रुति प्रियंका (महासचिव, भारतीय फिजियोथेरेपी संघ वाराणसी एवं समन्वयक, आईएपी वूमेन सेल)
-
डॉ. मेघा गुप्ता (महासचिव व सब-कॉन्ट्रैक्टर, आईएपी वूमेन सेल)
-
श्री राजीव सिंह (वाराणसी स्पोर्ट्स अथॉरिटी कुश्ती संघ)
-
श्री आशीष सिंह (महासचिव, सेंट्रल बार एसोसिएशन वाराणसी) ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
इस अवसर पर एपेक्स के निदेशक डॉ. स्वरूप पटेल, डॉ. अंकिता पटेल, न्यूक्लियर मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. अजय सिंह सूरज, रिहैब यूनिट के डॉ. दिबयेन्दु रॉय, डॉ. सौम्याश्री, डॉ. यू.के. सिंह और प्रधानाचार्य प्रो. पुनीत जायसवाल सहित कॉलेज के समस्त फैकल्टी मेंबर्स उपस्थित रहे।
अतिथियों का संदेश: अनुशासन और समाज सेवा ही सफलता की कुंजी
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डॉ. संकल्प झा और अन्य वक्ताओं ने भावी फिजियोथेरेपिस्ट्स को जीवन के नए सफर के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि चिकित्सा के क्षेत्र में अनुशासन, समर्पण और निरंतर सीखते रहने की ललक ही आपको आगे ले जाएगी। अतिथियों ने छात्रों को अपने पेशेवर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के साथ-साथ समाज सेवा के प्रति सदैव तत्पर रहने का संकल्प दिलाया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां, भावुक हुए सीनियर्स
विदाई समारोह “प्रस्थानम्” के दौरान जूनियर छात्रों ने सीनियरों के सम्मान में एक से बढ़कर एक रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। इस दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने कॉलेज के दिनों की अपनी पुरानी यादों और खट्टे-मीठे अनुभवों को मंच पर साझा किया, जिसे सुनकर केबिन में मौजूद हर शख्स भावुक हो उठा। कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित भी किया गया।