{"vars":{"id": "125128:4947"}}

वाराणसी में निजी पैथोलॉजी और डायग्नोस्टिक सेंटरों की होगी जांच, बिना रजिस्ट्रेशन वाले सेंटर होंगे सील

शहरी और ग्रामीण इलाकों में संचालित निजी पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक और कलेक्शन सेंटरों की जांच के लिए सीएमओ ने गठित किए 6 टीमें 

 

वाराणसी (भदैनी मिरर)। वाराणसी के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में धड़ल्ले से संचालित हो रहे निजी पैथोलॉजी, डायग्नोस्टिक और कलेक्शन सेंटरों पर स्वास्थ्य विभाग का शिकंजा कसने लगा है। महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य डॉ. पवन कुमार अरुण के सख्त निर्देशों के अनुपालन में जिले में मंगलवार से निजी जांच केंद्रों की व्यापक स्तर पर जांच शुरू हो गई है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. एनपी सिंह ने इस अभियान को प्रभावी बनाने के लिए 6 विशेष टीमों (कमेटियों) का गठन किया है, जो औचक निरीक्षण कर एक-एक केंद्र के मानकों की पड़ताल करेंगी।

इन प्रमुख बिंदुओं पर होगी जांच

स्वास्थ्य विभाग की गठित टीमें सेंटरों पर पहुंचकर केंद्र के पास वैध पंजीकरण है या नहीं (बिना रजिस्ट्रेशन वाले सेंटर तत्काल सील किए जाएंगे)। जांच की गुणवत्ता और रिपोर्ट तैयार करने के आधार/मानक की जांच करेंगी, साथ ही केंद्रों पर कार्यरत कर्मचारियों और तकनीशियनों की डिग्रियां व योग्यता की जांच करने के साथ ही ब्लड स्टोरेज और रखरखाव से जुड़े मानकों के पालन को भी देखेगी। पूरी जांच प्रक्रिया की वीडियोग्राफी (Video Recording) भी कराई जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

सीएमओ की दो टूक - मानकों से समझौता बर्दाश्त नहीं

सीएमओ डॉ. एनपी सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि स्वास्थ्य सेवाओं और मरीजों के जीवन से खिलवाड़ करने वाले किसी भी निजी केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा। जांच के दौरान जिन भी पैथोलॉजी या डायग्नोस्टिक सेंटरों पर मानकों की अनदेखी पाई जाएगी, उनके खिलाफ नियमानुसार कठोर विधिक और प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की इस औचक कार्रवाई से अवैध रूप से संचालित सेंटरों में हड़कंप मच गया है।