{"vars":{"id": "125128:4947"}}

BHU News: आईएमएस बीएचयू में 31 अक्टूबर से दो दिवसीय 'रिकॉन 2026' का आगाज, देशभर के दिग्गज रेडियोलॉजिस्ट जुटेंगे

3 सभागार, कार्यशालाएं और आधुनिक तकनीकों पर मंथन; एम्स, केजीएमयू और निमहंस समेत देशभर के रेडियोलॉजी विशेषज्ञ जुटेंगे

 

 

भदैनी मिरर बीएचयू: काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS BHU) का रेडियोडायग्नोसिस एवं इमेजिंग विभाग एक बड़े राष्ट्रीय सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। 'इंडियन रेडियोलॉजिकल एंड इमेजिंग एसोसिएशन' (IRIA) उत्तर प्रदेश चैप्टर के तत्वावधान में 38वें दो दिवसीय वार्षिक सम्मेलन ‘रिकॉन 2026’ (RICON 2026) का आयोजन 31 अक्टूबर से किया जाएगा। बीएचयू स्थित इंटर यूनिवर्सिटी सेंटर फॉर टीचर एजुकेशन (IUCTE) में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में देश भर के शीर्ष रेडियोलॉजी और इमेजिंग विशेषज्ञ आधुनिक तकनीकों पर मंथन करेंगे।

वीसी प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी करेंगे भव्य उद्घाटन

सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन 31 अक्टूबर को शाम 4 बजे आयोजित होगा।

  • मुख्य अतिथि: बीएचयू के कुलपति प्रो. अजित कुमार चतुर्वेदी उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।

  • संरक्षक: चिकित्सा विज्ञान संस्थान (IMS) के निदेशक प्रो. एस. एन. संखवार सम्मेलन के मुख्य संरक्षक की भूमिका में हैं।

आयोजन अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार सिंह, आयोजन सचिव प्रो. ईशान कुमार और वैज्ञानिक संयोजक प्रो. आशीष वर्मा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस दो दिवसीय महाकुंभ में एम्स नई दिल्ली, एम्स ऋषिकेश, एम्स रायपुर, एसजीपीजीआई लखनऊ, केजीएमयू लखनऊ, निमहंस बेंगलुरु और एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर जैसे प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संस्थानों से विषय विशेषज्ञ शिरकत करेंगे।

3 सभागार, कार्यशालाएं और आधुनिक तकनीकों पर मंथन

सम्मेलन के दौरान तीन अलग-अलग सभागारों में समानांतर सत्र, पैनल चर्चाएं और व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी। इनमें चिकित्सा जगत की अत्याधुनिक विधाओं पर चर्चा होगी:

  • कैंसर व स्ट्रोक डायग्नोसिस: ब्रेन ट्यूमर एवं स्ट्रोक की सटीक इमेजिंग, ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग और लिवर कैंसर का बिना ऑपरेशन (इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी) उपचार।

  • एडवांस इमेजिंग: कार्डियक एमआरआई (हृदय), एब्डोमिनल, पेडियाट्रिक (बच्चों के रोग) और मस्कुलोस्केलेटल (हड्डियों एवं जोड़ों) की एडवांस जांच विधि।

  • तकनीक व नियम: रेडियोलॉजी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का बढ़ता इस्तेमाल, स्पेक्ट्रल सीटी, विकिरण सुरक्षा (Radiation Safety) और PCPNDT अधिनियम के कानूनी पहलुओं पर विशेष सत्र।

डॉ. अनित परिहार प्रस्तुत करेंगे पन्नालाल ओरेशन

सम्मेलन के दौरान किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. अनित परिहार प्रतिष्ठित 'पन्नालाल ओरेशन' प्रस्तुत करेंगे। इसके अलावा, देश भर से आए युवा रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए शोध पत्र (Paper) और पोस्टर प्रस्तुतियां, रेडियोलॉजी क्विज़ तथा उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के लिए विभिन्न पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

आयोजकों के मुताबिक, इस सम्मेलन से पूर्वांचल सहित देशभर के चिकित्सकों को रेडियोलॉजी के क्षेत्र में हो रहे नित नए अनुसंधानों, डायग्नोस्टिक विधियों और अत्याधुनिक तकनीकों से रूबरू होने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।