{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सावधान! यूपी के 13 जिलों में बिक रहा था यह खतरनाक प्रोडक्ट, FSDA की छापेमारी में खुली बड़ी पोल

भ्रामक दावों और खराब सैनिटेशन के बीच तैयार हो रहे थे हेल्थ सप्लीमेंट व न्यूट्रास्यूटिकल्स; लखनऊ, नोएडा, वाराणसी समेत 13 जिलों में हड़कंप।

 

लखनऊ/वाराणसी (भदैनी मिरर): अगर आप अपनी फिटनेस या सेहत बनाने के लिए बाजार से हेल्थ सप्लीमेंट, न्यूट्रास्यूटिकल्स या डाइटरी फूड सप्लीमेंट्स खरीद रहे हैं, तो जरा संभल जाइए! उत्तर प्रदेश में स्वास्थ्य के नाम पर भ्रामक दावों और घटिया गुणवत्ता वाले उत्पादों का खेल जोरों पर चल रहा है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) की संयुक्त टीमों ने प्रदेश के 13 जिलों में ताबड़तोड़ छापेमारी कर करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य का संदिग्ध और मानकविहीन माल सीज किया है।

13 जिलों में FSDA की बड़ी कार्रवाई, 63 इकाइयों की जांच

एफएसडीए (FSDA) की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब के निर्देशों पर खाद्य सचल दलों और औषधि निरीक्षकों की संयुक्त टीमों ने पूरे प्रदेश में विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान:

  • कहां-कहां हुई कार्रवाई: आगरा, बाराबंकी, गौतमबुद्धनगर (नोएडा), गाजियाबाद, झांसी, प्रयागराज, मुरादाबाद, लखनऊ, बरेली, हाथरस, मथुरा, गोरखपुर और वाराणसी।

  • कार्रवाई का आंकड़ा: कुल 63 इकाइयों का औचक निरीक्षण किया गया, 43 नमूने (सैंपल) लैब जांच के लिए संग्रहित किए गए और 1 करोड़ रुपये का संदिग्ध माल सीज किया गया।

लखनऊ से नोएडा और वाराणसी तक खुली अनियमितताओं की पोल

छापेमारी के दौरान कई नामी कंपनियों और प्रतिष्ठानों में गंभीर कमियां पाई गईं:

  1. लखनऊ में करीब 40 लाख का माल सीज:

    राजधानी के जेवीएस फूड्स प्राइवेट लिमिटेड में निरीक्षण के दौरान मिसब्रांडिंग, भ्रामक दावों के साथ-साथ बेहद गंदी और खराब सैनिटरी स्थिति पाई गई। यहां से 39.50 लाख रुपये का सामान सीज किया गया। वहीं सेंटर फ्यूरेरा हेल्थ केयर प्राइवेट लिमिटेड से बिना मानक भंडारित 10 लाख रुपये की एलोपैथिक औषधियां और न्यूट्रास्यूटिकल्स मिले।

  2. गौतमबुद्धनगर और गाजियाबाद में सख्त एक्शन:

    नोएडा के बायोरीहेल्थ केयर में फिनिश्ड प्रोडक्ट के भंडारण की स्थिति बेहद खराब मिलने पर 6 लाख रुपये का माल सीज हुआ। वहीं गाजियाबाद से मिसब्रांडेड और भ्रामक दावों वाले उत्पादों के सैंपल लेते हुए 27 लाख का माल सीज किया गया।

  3. आगरा में फर्जी दावे, वाराणसी में दुकान बंद करने की संस्तुति:

    आगरा के एएसएच इंटरनेशनल में डिब्बों पर ‘Powerfull Result’ और ‘Quick Recovery’ जैसे भ्रामक दावे लिखे मिले, जिस पर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उधर वाराणसी के सुधविन हेल्थकेयर में कई गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर प्रतिष्ठान को बंद करने की संस्तुति की गई है।

क्या होते हैं न्यूट्रास्यूटिकल्स?

न्यूट्रास्यूटिकल्स ऐसे उत्पाद होते हैं जिनमें विटामिन, मिनरल, प्रोटीन, ओमेगा-3 या प्रोबायोटिक्स जैसे पोषक तत्व होते हैं। इनका उपयोग शरीर को पोषण देने और सेहत सुधारने के लिए किया जाता है। हालांकि, कंपनियां जल्दी परिणाम देने और जादुई असर के झूठे दावे करके ग्राहकों को गुमराह कर रही हैं।

FSDA की चेतावनी:

विभाग की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने साफ कर दिया है कि हेल्थ सप्लीमेंट के नाम पर आम जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले निर्माताओं, रिलेबलर्स और दुकानदारों पर आगे भी इसी तरह का सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाता रहेगा।