{"vars":{"id": "125128:4947"}}

क्या 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव लड़ेंगे खेसारी लाल यादव? भोजपुरी स्टार ने दिया बड़ा बयान

बिहार चुनाव में हार के बाद उत्तर प्रदेश की सियासत में उतरने की अटकलों पर खेसारी लाल यादव ने साफ किया रुख, कला के बिना नहीं जी सकता

 

भदैनी मिरर, वाराणसी। उत्तर प्रदेश में आगामी 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक हलचल तेज होने के बीच भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव ने चुनाव लड़ने की अटकलों पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। गुरुवार (19 नवंबर 2026) को वाराणसी पहुंचे खेसारी लाल यादव से जब यूपी चुनाव में उतरने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि वे किसी राजनीतिक पद की दौड़ में नहीं हैं और अपनी कला के क्षेत्र में ही सक्रिय रहना चाहते हैं।

#WATCH वाराणसी, उत्तर प्रदेश: भोजपुरी एक्टर खेसारी लाल यादव ने कहा, "मैं अपनो के लिए हमेशा खड़ा रहता हूं चाहे वह किसी भी दल का हो... मैं हमेशा प्रयास करता हूं कि मेरे अपने हमेशा ऊपर रहें। मैं किसी दल का नहीं, मैं उस समाज का हूं जिसने मुझे अपना माना है... मैं एक बार चुनाव लड़ा और मुझा काफी कुछ सीखने को मिला..." (19.11)

— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 19, 2026


 

'मैं किसी दल का नहीं, समाज का हूं'

वाराणसी में मीडिया से बातचीत के दौरान जब खेसारी लाल यादव से पूछा गया कि उनकी लोकप्रियता को देखते हुए क्या 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में उतरने का कोई इरादा है, तो उन्होंने कहा— "मैं अपनों के लिए हमेशा खड़ा रहता हूं, चाहे वह किसी भी दल के हों। जिससे मेरा व्यक्तिगत संबंध है, वह किस पार्टी से है या नहीं है, यह मेरे लिए मायने नहीं रखता। मैं किसी दल का नहीं हूं, बल्कि उस समाज का हूं जिसने मुझे अपना बनाया और इस मुकाम तक पहुंचाया है।"

'पद पर जाऊंगा तो इंसाफ नहीं कर पाऊंगा, हक जमीन पर संघर्ष करने वाले कार्यकर्ताओं का'

चुनाव लड़ने के सवाल पर खेसारी लाल यादव ने कला के प्रति अपने जुड़ाव और जमीनी कार्यकर्ताओं के हक की बात भी रखी। उन्होंने कहा कि भगवान ने उन्हें कला देकर भेजा है और चुनाव लड़ने व पद संभालने का काम उन लोगों का है जो लंबे समय से जमीन पर संघर्ष कर रहे हैं। खेसारी के मुताबिक, "मुझे लगता है कि यदि मैं किसी पद पर चला जाऊंगा तो उसके साथ इंसाफ नहीं कर पाऊंगा, क्योंकि मैं कला के बिना नहीं जी सकता। जो कार्यकर्ता इतने दिनों से जमीन पर मेहनत और संघर्ष कर रहे हैं, उस पद पर पहला हक उन्हीं का है।"

गौरतलब है कि खेसारी लाल यादव ने वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के टिकट पर चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रत्याशी के सामने हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद से ही वे लगातार यह कहते आ रहे हैं कि वे अब चुनावी राजनीति से दूर रहकर अपने संगीत और अभिनय के सफर को आगे बढ़ाएंगे।