WhatsApp New Feature: व्हाट्सएप पर मोबाइल नंबर छुपाकर कर सकेंगे चैटिंग, शुरू हुआ 'Username' रिजर्वेशन; जानें बुक करने का तरीका
व्हाट्सएप लाया प्राइवेसी का सबसे बड़ा अपडेट; अब बिना फोन नंबर शेयर किए ढूंढ सकेंगे दोस्त, स्पैम मैसेज रोकने के लिए मिलेगा 'Username Key' का सुरक्षा कवच।
भदैनी मिरर। इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप (WhatsApp) अपने करोड़ों यूजर्स के लिए अब तक का सबसे बड़ा और क्रांतिकारी प्राइवेसी अपडेट लेकर आया है। अब आपको किसी अनजान व्यक्ति या बिजनेस ग्रुप से चैट करने के लिए अपना पर्सनल मोबाइल नंबर शेयर करने की बिल्कुल जरूरत नहीं होगी। व्हाट्सएप ने एंड्रॉयड (Android) और आईफोन (iPhone) यूजर्स के लिए 'Username Reservation' फीचर का रोलआउट शुरू कर दिया है।
इस नए फीचर की मदद से हर यूजर इंस्टाग्राम या एक्स (ट्विटर) की तरह अपना एक यूनिक यूजरनेम चुन सकेगा। कंपनी ने इस फीचर की रिजर्वेशन प्रक्रिया अभी से शुरू कर दी है ताकि यूजर्स अपनी पसंद का नाम पहले ही सुरक्षित (Book) कर सकें। आने वाले कुछ ही महीनों में यह फीचर पूरी दुनिया के यूजर्स के लिए लाइव कर दिया जाएगा।
How to Book: ऐसे रिजर्व करें अपना WhatsApp Username
अगर आप भी अपनी पसंद का यूजरनेम पहले बुक करना चाहते हैं, तो इन आसान स्टेप्स को फॉलो करें:
* स्टेप 1: सबसे पहले अपने फोन के गूगल प्ले स्टोर या ऐप स्टोर पर जाकर व्हाट्सएप को लेटेस्ट वर्जन पर अपडेट करें।
* स्टेप 2: व्हाट्सएप ओपन करें और Settings में जाकर Account सेक्शन पर क्लिक करें। यहाँ आपको 'Username' का नया ऑप्शन दिखाई देगा।
* स्टेप 3: इस ऑप्शन पर टैप करें और अपनी पसंद का नाम टाइप करें। अगर वह यूजरनेम उपलब्ध (Available) होगा, तो वह तुरंत आपके नाम पर रिजर्व हो जाएगा।
नोट: चूंकि कंपनी इस फीचर को धीरे-धीरे (Phased Manner) रोलआउट कर रही है, इसलिए यदि आपको अभी यह ऑप्शन नहीं दिख रहा है, तो कुछ दिन इंतजार करें। अगले अपडेट में यह आपको मिल जाएगा।
यूजरनेम सेट करते समय इन कड़े नियमों का रखें ध्यान
व्हाट्सएप ने फर्जी अकाउंट और साइबर धोखाधड़ी को रोकने के लिए यूजरनेम के कुछ सख्त नियम बनाए हैं:
1. यूजरनेम में केवल छोटे इंग्लिश लेटर्स (a-z), नंबर्स (0-9), अंडरस्कोर (_) और डॉट (.) का ही इस्तेमाल किया जा सकेगा।
2. आपका यूजरनेम पूरी तरह यूनिक होना चाहिए, किसी दूसरे का कॉपी किया हुआ नाम मान्य नहीं होगा।
3. किसी भी यूजरनेम की शुरुआत "www" से नहीं की जा सकती।
4. यूजरनेम के अंत में ".com" या ".net" जैसे डोमेन शब्दों का इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं होगी।
क्या है 'Username Key' सिक्योरिटी?
सुरक्षा को एक कदम आगे ले जाते हुए व्हाट्सएप इस फीचर के साथ 'Username Key' नाम का एक अतिरिक्त सिक्योरिटी टूल भी जोड़ रहा है। इसे ऑन करने के बाद, अगर कोई नया व्यक्ति केवल आपका यूजरनेम जानकर आपको मैसेज करना चाहेगा, तो उसे पहली बार चैट शुरू करने के लिए आपकी 'यूजरनेम की' डालनी होगी। इससे अनचाहे स्पैम मैसेजेस और अननोन कॉल्स पर पूरी तरह लगाम लग जाएगी।
किन्हें होगा इसका सबसे बड़ा फायदा?
अब तक व्हाट्सएप पूरी तरह मोबाइल नंबर पर आधारित ऐप रहा है, जिससे प्राइवेसी लीक होने का खतरा रहता था। यह नया अपडेट खासतौर पर कंटेंट क्रिएटर्स, ऑनलाइन बिजनेस चलाने वालों, फ्रीलांसरों, स्टूडेंट्स और वर्किंग प्रोफेशनल्स के लिए वरदान साबित होगा, जिन्हें रोजाना नए लोगों से जुड़ना पड़ता है। अब वे बिना किसी हिचकिचाहट के सिर्फ अपना व्हाट्सएप यूजरनेम शेयर कर सकेंगे।