{"vars":{"id": "125128:4947"}}

भोजपुरी फिल्म ‘आपन कहाये वाला के बा’ रिश्तों की सच्चाई और बेहतरीन गीत-संगीत ने जीता दिल

मनोज भावुक और रजनीश मिश्रा की जोड़ी ने रचा कमाल, 27 सितम्बर को भोजपुरी सिनेमा और दंगल ऐप पर रिलीज हुई फिल्म

 

अवधेश मिश्रा, अंजना सिंह सहित स्टार कास्ट का दमदार अभिनय

गीत-संगीत और फैमिली ड्रामा ने दिलाई भोजपुरी सिनेमा के सुनहरे दिनों की याद

मनोरंजन, डेस्क। भोजपुरी सिनेमा को उसके सुनहरे दिनों की याद दिलाती फिल्म ‘आपन कहाये वाला के बा’ अब ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज हो चुकी है। यह फिल्म 27 सितम्बर को भोजपुरी सिनेमा और दंगल ऐप पर स्ट्रीम हुई है। रिश्तों की सच्चाई और पारिवारिक मूल्यों पर आधारित इस फिल्म में कहानी से लेकर गीत-संगीत तक सबकुछ खास है।


गीत-संगीत है फिल्म की जान

इस फिल्म के सभी गीत जाने-माने गीतकार मनोज भावुक ने लिखे हैं। आमतौर पर आज की फिल्मों में कई गीतकार होते हैं, लेकिन इस फिल्म में सभी गानों की कलम भावुक ने चलाई है। संगीत और निर्देशन की कमान रजनीश मिश्रा ने संभाली है, जिन्होंने पहले भी दर्जनों ब्लॉकबस्टर फिल्में दी हैं।

प्रियंका सिंह की आवाज में “भउजी जब खिसियाली बड़ी काड़ा लागेली...” रिश्तों के मर्म को छूने वाला गीत है। वहीं “धान कुटाये लागल, हरदी कुंचाये लागल...” शादी-विवाह से जुड़ा बेहद कर्णप्रिय गीत है। दुल्हन के मन की हलचल को दर्शाता “फोटउआ में बानी लुकाइल का निकलीं...” भी युवतियों के बीच हिट होता दिख रहा है।

फिल्म का टाइटल सांग “आपन कहाये वाला के बा” रजनीश मिश्रा की आवाज में है, जो सुनते ही रिश्तों की नाजुकता को गहराई से महसूस कराता है और दर्शकों को भावुक कर देता है।


मजबूत कहानी और दमदार स्टारकास्ट

‘आपन कहाये वाला के बा’ एक फैमिली ड्रामा है, जो टूटते-बिखरते रिश्तों को बचाने की प्रेरणादायक और रोचक कहानी बयां करता है। इसमें भोजपुरी सिनेमा के मशहूर कलाकार अवधेश मिश्रा केंद्रीय भूमिका में हैं। उनके साथ अंजना सिंह, देव सिंह, माया यादव, प्रीति मौर्या, संयुक्ता राय, रिंकू भारती, राघव पांडेय, अमरीश सिंह और राम सूजन सिंह ने शानदार अभिनय किया है।

 तकनीकी पक्ष भी दमदार

फिल्म की सिनेमैटोग्राफी सुनील अहीरे, कोरियोग्राफी विवेक थापा, एक्शन दिनेश यादव, कला नौशाद अंसारी और कॉस्ट्यूम विद्या-विष्णु ने किया है। निर्माता रजनीश मिश्रा और विनय सिंह हैं।

 भोजपुरी सिनेमा की वापसी का संकेत

फिल्म देखने के बाद दर्शकों और समीक्षकों का मानना है कि कंटेंट, लेखन, निर्देशन और गीत-संगीत के स्तर पर भोजपुरी फिल्में अब फिर से अपने सुनहरे दौर की ओर लौट रही हैं।

कुल मिलाकर, आपन कहाये वाला के बा सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भोजपुरी समाज और परिवार की आत्मा को दर्शाती एक जीवंत प्रस्तुति है, जिसमें मनोरंजन का फुल डोज है।