{"vars":{"id": "125128:4947"}}

सद्गुरु की सलाह पर एक्टिंग छोड़ शुरू की खेती, 2 करोड़ के कर्ज में डूबे 'साराभाई' फेम राजेश कुमार

'रोशेश साराभाई' से किसान बनने का सफर रहा बेहद दर्दनाक: बेटे के स्कूल के बाहर बेचीं सब्जियां, अब फिल्मों ने उबारा

 

एंटरटेनमेंट डेस्क (भदैनी मिरर)। मशहूर टीवी शो 'साराभाई वर्सेज साराभाई' में 'रोशेश' का आइकॉनिक किरदार निभाकर घर-घर में लोकप्रिय हुए अभिनेता राजेश कुमार की जिंदगी में एक ऐसा दौर भी आया, जब उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़कर खेती-किसानी की राह चुनी। हालांकि, यह फैसला उनके लिए आर्थिक रूप से भारी साबित हुआ और उन पर करीब ₹2 करोड़ का भारी-भरकम कर्ज चढ़ गया। आखिरकार, अभिनय की दुनिया में वापसी कर ही वे इस आर्थिक संकट से उबर पाए।

सद्गुरु के अभियान से प्रेरित होकर छोड़ा था मुंबई

राजेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2017 में वे ईशा फाउंडेशन और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के 'रैली फॉर रिवर्स' अभियान से जुड़े थे। सद्गुरु के विचारों और भाषणों से प्रेरित होकर उन्होंने अभिनय छोड़ अपने पैतृक गांव (गया, बिहार) में हॉर्टिकल्चर (बागवानी) शुरू करने का फैसला लिया। उनका मकसद जमीनी स्तर पर किसानों की समस्याओं को समझना था।

बाढ़, कोरोना और जलस्तर गिरने से बर्बाद हुई फसल

खेती का सफर राजेश के लिए बेहद मुश्किलों भरा रहा। शुरुआत में लगाए गए पौधों के तैयार होते ही इलाके में 35 साल बाद भयंकर बाढ़ आ गई और सब बह गया। राजेश ने हार न मानते हुए दोबारा 15,000 पेड़ लगाए, लेकिन इस बार कोरोना महामारी (COVID-19) ने काम रोक दिया। जब उन्होंने तीसरी बार प्रयास किया, तो जमीन का जलस्तर बेहद नीचे चला गया। 500 फीट बोरवेल खुदवाने के बाद भी पानी नहीं मिला।

बेटे के स्कूल के बाहर बेचीं सब्जियां, चढ़ा 2 करोड़ का कर्ज 

लगातार नुकसान और कमाई न होने की वजह से उनकी सारी जीवनभर की जमापूंजी खत्म हो गई और वे ₹2 करोड़ के कर्जदार हो गए। हालात इतने विकट हो गए कि राजेश को अपने बेटे के स्कूल के बाहर खुद उगाई सब्जियां तक बेचनी पड़ीं। राजेश के मुताबिक, इतनी विपरीत परिस्थितियों में भी आध्यात्मिकता के कारण वे कभी डिप्रेशन या अवसाद का शिकार नहीं हुए।

फिल्मी दुनिया ने दिया दोबारा सहारा

अपनी असफलताओं से सीख लेकर राजेश कुमार ने दोबारा एक्टिंग की दुनिया में वापसी की। हाल के सालों में उन्होंने 'सैयारा', 'है जवानी तो इश्क होना है', 'ओह माय डॉग' और 'निशानची' जैसे कई प्रोजेक्ट्स में काम किया। राजेश ने खुलासा किया कि फिल्मों से हुई कमाई के जरिए वे अब तक अपना 85 से 90 प्रतिशत कर्ज चुका चुके हैं और अब उन पर महज 10 से 15 फीसदी कर्ज ही बाकी रह गया है।