Rohit Shetty Firing Case: जुहू स्थित घर पर गोलीबारी मामले में बड़ा खुलासा, राजस्थान से 6 आरोपी गिरफ्तार
मुंबई क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, अब तक 11 गिरफ्तार - IMPA ने सीएम देवेंद्र फडणवीस को लिखा पत्र, फिल्म इंडस्ट्री में बढ़ी चिंता
मुंबई। फिल्म निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के जुहू स्थित आवास पर हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने बड़ा एक्शन लिया है।
Mumbai Police Crime Branch ने इस मामले में राजस्थान से छह और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को मुंबई लाया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, अब तक इस केस में कुल 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
क्राइम ब्रांच लगातार सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ रही है। जांच एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि हमले की साजिश कहां रची गई और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं।
फिल्म इंडस्ट्री में चिंता, IMPA ने सीएम को लिखा पत्र
इस सनसनीखेज घटना के बाद फिल्म जगत में भी चिंता का माहौल है।
Indian Motion Picture Producers Association (IMPA) ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को पत्र लिखकर मामले पर गंभीर चिंता जताई है।
पत्र में संगठन ने राज्य सरकार से त्वरित जांच और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। IMPA ने कहा कि रोहित शेट्टी भारतीय सिनेमा के अहम स्तंभ हैं और उन्होंने सामाजिक व राष्ट्रीय पहलों में भी हमेशा सक्रिय भूमिका निभाई है। ऐसे में उनके घर पर गोलीबारी जैसी घटना बेहद चिंताजनक है।
राजस्थान से पकड़े गए आरोपी, नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हालिया गिरफ्तारी राजस्थान से की गई है। पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। क्राइम ब्रांच इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपियों के तार किसी बड़े गिरोह या साजिश से जुड़े हैं या नहीं।