{"vars":{"id": "125128:4947"}}

Pawan Singh Akshara Singh Patch Up: ‘अक्षरा मेरा बाबू है... दिल से सॉरी’, मुंगेर में पवन सिंह ने मांगी माफी

मुंगेर के दुर्गा पूजा महोत्सव में मंच से पवन सिंह का बड़ा ऐलान; अक्षरा सिंह और उनके परिवार से खुलेआम मांगी माफी

 

मनोरंजन डेस्क (भदैनी मिरर): बिहार के मुंगेर जिले के कल्याणपुर स्थित प्रसिद्ध बड़ी दुर्गा महारानी के दरबार में आयोजित शारदीय नवरात्र महोत्सव के दौरान भोजपुरी सिनेमा के 'पावर स्टार' पवन सिंह ने अभिनेत्री अक्षरा सिंह को लेकर एक ऐसा बयान दिया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। मंच से पवन सिंह ने अक्षरा सिंह को 'मेरा बाबू' कहते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और दोनों के एक बार फिर साथ आने के संकेत दिए हैं।

मंच से मांगी माफी और जताया अपनापन

युथ क्लब कल्याणपुर द्वारा आयोजित 'बिहार राज्य के सबसे बड़े दुर्गा पूजा महोत्सव' में शिरकत करने पहुंचे पवन सिंह ने अपने भजनों से तो समां बांधा ही, साथ ही अपने एक बयान से सबका दिल जीत लिया। प्रस्तुति के दौरान जब दर्शकों के बीच कुछ शोरगुल हुआ, तो पवन सिंह ने माइक संभालते हुए कहा—

"अक्षरा सिंह मेरा बाबू है, मेरा बेटा है... उनके पिताजी हमारे भइया हैं, उनकी माताजी मेरी भाभी हैं। मैंने सॉरी बोला ना... अगर आप लोगों को लगता है कि मुझसे कभी कोई गलती हुई है, तो मैं सॉरी बोलता हूं। अगर अक्षरा जी के माता-पिता को मेरे चलते कभी कोई दुख या ठेस पहुंची हो, तो मैं उनसे भी हाथ जोड़कर सॉरी बोलता हूं और क्षमा मांगता हूं।"

जनता से पूछा सवाल— क्या दोनों को फिर साथ देखना चाहते हैं?

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए पवन सिंह ने पंडाल में मौजूद हजारों की भीड़ से सीधा सवाल किया कि "आपमें से कौन-कौन चाहता है कि अक्षरा सिंह और मेरी जोड़ी फिर से एक साथ आ जाए?" इस सवाल पर वहां मौजूद जनसैलाब ने हाथ उठाकर और तालियों की गड़गड़ाहट के साथ दोनों को दोबारा पर्दे और मंच पर साथ देखने की अपनी इच्छा जाहिर की।

अक्षरा के गीतों पर थिरके पावर स्टार

कार्यक्रम के दौरान माहौल तब और खुशनुमा हो गया जब पवन सिंह ने अक्षरा सिंह के लोकप्रिय एलबम 'दुलार देवी मइया के' के सुपरहिट गीत "पवन सिंह के भजन बजाके" पर न केवल अपनी आवाज का जादू बिखेरा, बल्कि जमकर ठुमके भी लगाए।

डॉ. नीतीश दुबे के संयोजन में चल रहे इस त्रिदिवसीय महोत्सव में अब 19 अक्टूबर को रवि किशन, भरत शर्मा व्यास और मोहम्मद इरफान, तथा 20 अक्टूबर को मनोज तिवारी, कल्पना पटवारी, शब्बीर कुमार और राजपाल यादव जैसी दिग्गज हस्तियां अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। लेकिन फिलहाल, पवन सिंह का यह माफीनामा और सुलह के संकेत वाला अंदाज हर तरफ चर्चा का विषय बना हुआ है।